‘देश में इस वक्त सरकारी स्कूलों को बंद करने का एक बहुत ख़तरनाक ट्रेंड चल रहा है’: अरविंद केजरीवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (08/09/2022): आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ हरियाणा के हिसार में ‘मेक इंडिया नंबर 1’ अभियान की शुरुआत किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 130 करोड़ भारतीयों के मन में कुछ प्रश्न हैं कि आज़ादी के 75 साल बाद भी देश पीछे क्यों रह गया? क्यों भारत आज भी ग़रीब देश है? क्यों भारत दुनिया का नंबर 1 देश नहीं है जबकि हमारे पास सब कुछ है? सिंगापुर बाद में आज़ाद हुआ और आगे निकल गया।

अरविंद केजरीवाल ने सरकारी स्कूलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि देश में सरकारी स्कूल बंद करने का ख़तरनाक ट्रेंड (Dangerous Trend) चल रहा है। हरियाणा में कांग्रेस-भाजपा सरकार ने कुछ सालों में 700 सरकारी स्कूल बंद किये। देश के स्कूलों में 18 करोड़ बच्चे पढ़ते हैं। अगर सरकारी स्कूल बंद करेंगे तो गरीब के बच्चे अनपढ़ रह जाएंगे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर साफ़ नीयत है तो देश को नंबर 1 बनने से कोई नहीं रोक सकता। जो शिक्षक एसएडी-कांग्रेस सरकारों से लाठियां खाते थे, हमने उन 8736 शिक्षकों को पक्का कर दिया। देश तभी आगे बढ़ सकता है जब सभी आगे बढ़ेंगे। आम आदमी पार्टी देश को नंबर 1 बनाने में कोई कमी नहीं आने देगी।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस या आम आदमी पार्टी से हो, पार्टीबाज़ी छोड़ इस मुहिम से 9510001000 जुड़ो। आज़ाद भारत को सबसे ज़्यादा तवज्जो शिक्षा को देनी चाहिए थी, वहाँ चूक हुई। मैंने पीएम मोदी को भी लिखा कि 14500 नहीं सभी 10 लाख स्कूलों पर काम करें, राज्य सरकारों का सहयोग लें।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नई पेंशन योजना से सरकारी कर्मचारियों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। केंद्र सरकार ने नई पेंशन योजना से सरकारी कर्मचारियों पर थोपी थी। मेरी केंद्र से अपील है कि पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए। नई पेंशन स्कीम से कर्मचारी बहुत दुखी और ग़ुस्से में हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि SYL पर पंजाब में भाजपा-कांग्रेस कहती है ‘बनने नहीं देंगे’, हरियाणा में कहती है SYL लेकर रहेंगे। इसी गंदी राजनीति ने देश को नंबर 1 बनने से रोका है‌। केंद्र सरकार की ज़िम्मेदारी बनती है कि दोनों राज्यों में पानी की कमी का समाधान करें, ना समझ आए तो मुझे बुला ले।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोग पूछते हैं कि क्या भारत विश्व का नेतृत्व कर सकता है? क्यों नहीं? हमारे पास सबसे अच्छे इंजीनियर, डॉक्टर हैं। सिस्टम ख़राब है और इन पार्टियों के भरोसे नहीं छोड़ सकते। जब 1947 में देश इकट्ठा हुआ था, अंग्रेजों को भगा दिया था। अब नंबर 1 बनना है, हर भारतीय को जोड़ना है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इसमें युवाओं की भूमिका बड़ी होगी। जब भी युवा एक साथ खड़ा हुआ है, बड़ी क्रांति हुई है। युवा वालंटियर अपने-अपने गली-मोहल्ले को इकट्ठा करेंगे। 130 करोड़ लोग जब स्कूल, अस्पताल माँगेंगे तो इन सरकारों की हिम्मत नहीं होगी कि ना करें।