बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने रोहिंग्या शरणार्थियों को लेकर अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (18/08/2022): आम आदमी पार्टी ने रोहिंग्या शरणार्थियों के मामले को लेकर लगातार केंद्र सरकार को घेर रही है। इस पूरे मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कल यानी बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि रोहिंग्या घुसपैठिए भारत की सुरक्षा के लिए खतरा है। लेकिन अरविंद केजरीवाल राष्ट्र सुरक्षा को ताख पर रखकर तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि समाचार रिपोर्ट में रोहिंग्या शरणार्थियों को लेकर जो तथ्य थे वो जनता को गुमराह करने के लिए थे। उस पर गृह मंत्रालय ने स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की स्पष्ट नीति है कि राष्ट्र सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। रोहिंग्या घुसपैठिए हमारे देश की अखंडता के लिए खतरा हैं। हमारे देश का कानून ये कहता है कि इनको डिपोर्ट किया जाएगा और ये क्षेत्राधिकार गृह मंत्रालय का है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि तो ऐसा क्यों हुआ कि 29 जुलाई को हुई बैठक में, जिसकी अध्यक्षता दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी ने की उसमें जल्दबाजी में एक फैसला किया गया कि इन सभी घुसपैठियों को EWS के लिए बन रहे घरों में शिफ्ट किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि देश के गृह मंत्रालय ने इस पर स्पष्टीकरण दिया है, जो बहुत महत्वपूर्ण है। गृह मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि मंत्रालय ने गैर कानूनी तरीके से रह रहे रोहिंग्या घुसपैठियों को EWS के फ्लैट देने का दिल्ली सरकार को कोई निर्देश नहीं दिया गया है।

उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय ने दिल्ली सरकार को निर्देश दिया है कि वह सुनिश्चित करे कि अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या अपने वर्तमान स्थान पर ही रहें और उन्हें किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट न किया जाए। क्योंकि इन अवैध घुसपैठियों के निर्वासन का मुद्दा गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय के माध्यम से संबद्ध देश के साथ उठा चुका है।