दिल्ली में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21/04/2022): देश की राजधानी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 में बुधवार शाम को स्थानीय भारतीय जनता पार्टी के नेता जीतू चौधरी को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

वह 42 वर्ष के थे। एक पुलिस कांस्टेबल को मयूर विहार फेज-3 में भाजपा नेता का शव उनके घर के बाहर खून से लथपथ मिला। जब पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं इस मामले में पुलिस को घटनास्थल से कई अहम सबूत मिले हैं और पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है।

डीसीपी ईस्ट प्रियंका कश्यप ने अनुसार, “मयूर विहार फेज-3 में आज शाम करीब 8:15 बजे स्थानीय बीजेपी नेता जीतू चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, आरोपी फरार है। अपराध स्थल से कुछ खाली कारतूस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद हुए हैं। चश्मदीदों की तलाश की जा रही है।”

पुलिस सूत्रों के मुताबिक जीतू चौधरी का कंस्ट्रक्शन का कारोबार था और उसका किसी ठेकेदार से रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। वहीं पुलिस इस मामले में घर के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।