अरुणाचल प्रदेश में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (13/12/2022): भारतीय और चीनी सैनिकों की अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के निकट 9 दिसंबर को झड़प हुई। वहीं इस घटना में कई भारतीय और चीनी सैनिक घायल हो गए। भारतीय सैनिकों को इलाज के लिए असम के गुवाहाटी में एक सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बात की जानकारी न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से सोमवार को दिया है।

इस घटना पर अरुणाचल-पूर्व से बीजेपी सांसद तपीर गाव ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बताया कि अब स्थिति ठीक है। उन्होंने कहा है, “9 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग में PLA और भारतीय सेना के बीच झड़प हुई और इसमें हमारे सेना घायल हुए हैं लेकिन PLA में ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सीमा पर तैनात भारतीय जवान एक इंच भी नहीं हिले। अब स्थिति ठीक है। ये जो भी हुआ वह निंदनीय है।”

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 9 दिसंबर को चीनी पीएलए सैनिकों और भारतीय सैनिकों के बीच अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में संघर्ष हुआ। भारतीय सैनिकों ने चीनी सैनिकों को करारा जवाब दिया। घायल चीनी सैनिकों की संख्या भारतीय सैनिकों की तुलना में अधिक है। संघर्ष के तुरंत बाद दोनों पक्ष इलाके से पीछे हट गए। चीनी पीएलए सैनिकों की संख्या लगभग 300 थी जो भारी तैयारी के साथ आए थे, उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका सामना करने के लिए भारतीय सैनिक पूरी तरह से तैयार होंगे।