लता मंगेशकर के निधन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल ने शोक व्यक्त किया

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (06/02/2022): स्वर कोकिला लता मंगेशकर अब हमारे बीच नहीं रहीं। लता मंगेशकर का आज सुबह 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। यह देश और विश्व के लिए बहुत बड़ी क्षति है। फ़िल्म जगत में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल ने भी शोक जाहिर किया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट में लिखा है कि भारत की स्वर कोकिला महान लता मंगेशकर जी का निधन भारत में संगीत के एक युग की समाप्ति है। उनकी सुरीली आवाज़ हम सबके बीच और पूरी दुनिया में सदा अमर रहेगी। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। ओम शांति।

दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने ट्वीट में लिखा, लता मंगेशकर जी के निधन से दुखी हूं। लता जी के भावपूर्ण गीतों ने भारत को एकजुट किया और उनकी आवाज हर भारतीय घर का एक चिरस्थायी हिस्सा रहेगी। जैसे ही हमने उन्हें विदाई दी, मैं उनके परिवार, लाखों प्रशंसकों और शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

भारत सरकार ने कहा है कि आज और कल दो दिन का राजकीय शोक मनाया जाएगा, जिसके दौरान लता मंगेशकर के सम्मान में पूरे भारत में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और यह उन्हें दिए जाने वाले राजकीय सम्मान है। लता मंगेशकर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। आपको बता दें कि लता मंगेशकर का आज सुबह निधन हो गया है वह 92 साल की थीं और पिछले एक महीने से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के ICU में भर्ती थीं।