अरविंद केजरीवाल को जेल में दी जा रही धमकी, आप सांसद संजय सिंह ने लगाए गंभीर आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (10 अप्रैल 2024): आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बड़ा दावा किया है। संजय सिंह ने कहा कि, अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल में धमकी दी जा रही है। संजय सिंह ने कहा कि दो दिन पहले अरविंद केजरीवाल ने अपने वकील से मुलाकात की और उस मुलाकात के दौरान उन्होंने एक संदेश भेजा कि जो चुने हुए विधायक हैं, वो अपने क्षेत्र में जाएं, जनता की समस्याओं को सुनें और उसका समाधान करें।

इस संदेश मात्र के ऊपर उनके खिलाफ जांच बैठा दी गई है। ये धमकी दी जा रही है कि आपकी अपने परिवार से मुलाकात बंद कर दी जाएगी। अरविंद केजरीवाल अगर अपने वकीलों से नहीं मिलेंगे तो वो ये केस लड़ेंगे कैसे। क्या भाजपा दिल्ली की तिहाड़ जेल को यातना घर के रूप में बदलना चाहते हैं। एक मुख्यमंत्री अपनी जनता की सेवा के लिए अपने विधायकों को संदेश नहीं भेज सकता क्या।

संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली की जेल में खूंखार से खूंखार अपराधी को जो अधिकार दिए गए हैं, वह अधिकार भी नरेंद्र मोदी अरविंद केजरीवाल से छीन रहे हैं। अरविंद केजरीवाल को धमकी दी जा रही है कि उन्हें उनके परिवार से भी नहीं मिलने दिया जाएगा। तानाशाह दिल्ली की तिहाड़ जेल को हिटलर का गैस चैंबर बनाना चाहता है। ये लोग तिहाड़ जेल को यातना गृह बनाना चाहते हैं, लेकिन दिल्ली की महान जनता इनके जेल का जवाब अपने वोट से देगी।

संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को किस बात की सजा देना चाहते हो? उन्होंने दिल्ली की 2 करोड़ जनता की सेवा की। उन्होंने मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी, बेहतर स्कूल और स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराई। क्या यही उनका जुर्म है? इसी अपराध की उन्हें सजा दी जा रही है?

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली / नई दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को प्रतिदिन विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे । नई दिल्ली / राष्ट्रीय  विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।