दिल्ली में शीतलहर का कहर जारी! स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की ये अपील

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 जनवरी 2024): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शीतलहर का कहर जारी है। नए साल की सुबह दिल्ली में घने कोहरे और ठिठुरन वाली ठंड के साथ हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राजधानी दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। वहीं बढ़ती ठंड ने बेसहारा और बेघर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। उन्हें ठंड की वजह से रैन बसेरों में शरण लेना पड़ रहा है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई से सोमवार को बात करते हुए स्थानीय निवासियों ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से सड़कों पर लोगों और बेसहारा लोगों के लिए मौजूदा कड़कड़ाती ठंड में रात बिताने के लिए और अधिक आश्रयों की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।

एक निवासी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि “राष्ट्रीय राजधानी में चल रही शीत लहर का खामियाजा फुटपाथ पर रहने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। शहर में रैन बसेरों तक पहुंचने के लिए ठंड में काफी यात्रा करनी पड़ती है। वे एक-दूसरे से काफी दूरी पर स्थित हैं। इतनी ठंड में बहुत से लोग वहां नहीं जा पाते है।”

तो वहीं सड़क पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि “हमें इस ठंड में रात बिताने में बहुत परेशानी हुई। हमने अलाव जलाने के लिए सड़कों पर कुछ कूड़ा इकट्ठा किया। इस हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने हमारी रोजमर्रा की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।”

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 2024 के पहले सप्ताह में राष्ट्रीय राजधानी में ‘घने कोहरे’ की चेतावनी जारी की है। साथ ही बताया है कि न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।