दिल्ली में गोलीकांड: पांच बदमाशों ने बाइक सवार को मारी गोली, एक की मौत अन्य घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (30 अगस्त 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भजनुपुरा के सुभाष विहार में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर पांच अज्ञात बदमाशों ने बाइक सवार दो व्यक्ति को गोली मार दी, जिसमें से एक व्यक्ति की मौके पर मृत्यु हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है। मृतक व्यक्ति की पहचान 36 वर्षीय व्यक्ति हरप्रीत गिल और घायल व्यक्ति की पहचान गोविंद के रूप में हुई है।

मृतक के चाचा अक्षय का कहना है, “उसके सिर में गोली मारी गई थी। मुझे नहीं पता कि ऐसा क्यों हुआ। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। मैंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच करने का अनुरोध किया है।”

इस मामले में जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया, “यह पाया गया कि हरप्रीत (मृतक) और गोविंद (घायल) गली नंबर 8 के पास अपनी बाइक पर थे, तभी एक स्कूटी और एक बाइक पर सवार पांच लड़कों ने उन्हें रोका। हमलावरों ने बिना उकसावे के गोलियां चलाईं और मौके से भाग गए। इलाके में लगे सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। दोषियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। गोलीबारी की घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।”