अरविंद केजरीवाल अपनी जिम्मेदारी लेने की बजाय हमेशा जिम्मेदारी से भागते हैं : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (13 जुलाई 2023): दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल अपनी जिम्मेदारी लेने की बजाय हमेशा जिम्मेदारी से भागते हैं।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि “शीश महल में रहकर कुछ लोग शीर्षासन में कुछ लोग व्यस्त हैं। वे अपनी ज़िम्मेदारी से भाग रहे हैं। हमने पिछले 9 वर्षों में कोई ज़िम्मेदारी उठाते नहीं देखा लेकिन दोष लगाते हुए देखा है। दिल्ली के लोगों की ऐसी हालत किसके कारण हुआ है।”

उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री जी अपने घर तक सीमित होकर रह गए हैं। हालत यह है कि अगर प्रदूषण की बात आती है तो दूसरे राज्यों को जिम्मेदार ठहराते हैं। जब शराब घोटाले की बात आती है तो अपने मंत्री पर कार्रवाई करने की बजाय दूसरे पर दोष लगाते है।”

उन्होंने आगे कहा कि “जब एक के बाद दूसरा कोई ऐसा विषय आता है तो वो अपनी जिम्मेदारी लेने की बजाय, जिम्मेदारी से भागते है। केजरीवाल ने एक बार फिर ऐसा ही किया। आखिरकार कब वो अपनी जिम्मेदारी को समझेंगे और निभाएंगे।”

अनुराग ठाकुर ने कहा कि “ये सवाल दिल्ली पूछती है कि जो कभी दिल्ली को पेरिस बनाने की बात करते थे, 300 झील बनाने की बात करते थे आज गली-गली तलाब बने हैं। लोग अलग-अलग मीम बना रहे हैं। ये अपने आप में दिखाता है देश की राजधानी की क्या खस्ता हालत है।”

बता दें कि आज भी यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी का दौर जारी रहा है और दोपहर 3 बजे तक इसका स्तर 208.62 मीटर तक दर्ज किया गया है। यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण दिल्ली के कई इलाकों में पानी आ गया है जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।