कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार को दिलाई अंग्रेजी हुकूमत की याद, जमकर साधा निशाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (29/03/2023): मानहानि केस के बाद राहुल गांधी को 2 साल की सजा हुई और इसके बाद राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता रद्द कर दी गई है। इसके बाद कांग्रेस पार्टी लगातार सड़क से लेकर संसद तक मोदी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस पार्टी के तमाम कार्यकर्ता आए दिन सड़कों पर उतरकर इसका विरोध कर रहे हैं।

कल कांग्रेस पार्टी के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लाल किले के समीप मशाल जुलूस का ऐलान किया था। तमाम कार्यकर्ता वहां पर जुटे भी थे लेकिन प्रशासन की तरफ से उन्हें वहां पर मशाल जुलूस करने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस के बीच जमकर भिड़ंत हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

कांग्रेस पार्टी के नेता शक्तिसिंह गोहिल ने आज कहा कि केंद्र की मोदी सरकार तानाशाही हो गई है। अंग्रेजी हुकूमत वह भूल गई है अंग्रेजों ने जैसा सुलूक किया था वैसा ही आज केंद्र की मोदी सरकार कर रही है। हम कल एक शांति मार्च निकालना चाहते थे। पुलिस ने हमें सहयोग का वादा भी किया था। लेकिन वादे से मुकरते हुए हमारे सामने पूरी फौज उतार दी गई। अगर सरकार को लगता है कि सच बोलने वालों को जेल में डालने से सत्ता सलामत रहेगी तो भारत में अंग्रेजों का इतिहास देख लें।।