‘मन की बात’ कार्यक्रम में पीएम बोले- ‘आज देश में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ी है’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (26/03/2023): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 99वें संस्करण को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “हमारा और आपका मन की बात का ये साथ अपने 99वें पायदान पर आ पहुंचा है। आम तौर पर हम सुनके हैं कि 99 का फेर बहुत कठिन होता है। क्रिकेट में तो ‘नर्वस नाइंटीज’ को बहुत मुश्किल पड़ाव माना जाता है। लेकिन जहां भारत के जन-जन के मन की बात हो, वहां प्रेरणा ही कुछ और होती है।”

पीएम मोदी ने कहा कि “दोस्तों आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के इस दौर में अंगदान किसी को जीवन प्रदान करने का एक बहुत ही महत्वपूर्ण साधन बन गया है। ऐसा कहा जाता है कि जब कोई व्यक्ति मृत्यु के बाद अपना शरीर दान करता है तो इससे आठ से नौ लोगों को नया जीवन मिलने की संभावना बनती है। संतोष की बात है कि आज देश में अंगदान के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है, 2013 में हमारे देश में अंगदान के मामले पांच हजार से भी कम थे, लेकिन 2022 में यह संख्या बढ़कर पंद्रह हजार से अधिक हो गई है। अंगदान के पीछे सबसे बड़ी भावना यही होती है कि जाते समय भी किसी की जान बचाई जाए। अंगदान का इंतजार करने वाले लोग जानते हैं कि इंतजार का एक-एक पल काटना कितना मुश्किल होता है। राज्यों के अधिवास की शर्त को भी हटाने का फैसला किया गया है, यानी अब मरीज देश के किसी भी राज्य में जाकर अंग प्राप्त करने के लिए पंजीकरण करा सकेगा।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि “आज भारत का जो सामर्थ्य नए सिरे से निखरकर सामने आ रहा है, उसमें बहुत बड़ी भूमिका हमारी नारी शक्ति की है। आपने सोशल मीडिया पर, एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव जी को जरुर देखा होगा। सुरेखा जी, एक और कीर्तिमान बनाते हुये वंदे भारत एक्सप्रेस की भी पहली महिला लोको पायलट बन गई हैं। इसी महीने, प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा और निर्देशक कार्तिकी गोंज़ाल्विस उनकी Documentary ‘Elephant Whisperers’ ने Oscar जीतकर देश का नाम रोशन किया है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि “देश के लिए एक और उपलब्धि Bhabha Atomic Reseach Centre की Scientist, बहन ज्योतिर्मयी मोहंती जी ने भी हासिल की है, जिन्हें Chemistry और Chemical Engineering की field में IUPAC का विशेष award मिला है। इस वर्ष की शुरुआत में ही भारत की Under-19 महिला क्रिकेट टीम ने T-20 World cup जीतकर नया इतिहास रचा।अगर आप राजनीति की ओर देखेंगे, तो एक नई शरुआत नागालैंड में हुई है। नागालैंड में 75 वर्षों में पहली बार दो महिला विधायक जीतकर विधानसभा पहुंची है। इनमें से एक को नागालैंड सरकार में मंत्री भी बनाया गया है, यानि, राज्य के लोगों को पहली बार एक महिला मंत्री भी मिली हैं।”

पीएम मोदी ने रिन्यूएबल एनर्जी और क्लीन एनर्जी का जिक्र करते हुए कहा कि “इन दिनों पूरे विश्व में स्वच्छ ऊर्जा, renewable energy की खूब बात हो रही है। मैं, जब विश्व के लोगों से मिलता हूँ, तो वो इस क्षेत्र में भारत की अभूतपूर्व सफलता की जरुर चर्चा करते हैं। खासकर, भारत, Solar energy के क्षेत्र में जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, वो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। भारत के लोग तो सदियों से सूर्य से विशेष रूप से नाता रखते हैं। हमारे यहाँ सूर्य की शक्ति को लेकर जो वैज्ञानिक समझ रही है, सूर्य की उपासना की जो परंपराएँ रही हैं, वो अन्य जगहों पर, कम ही देखने को मिलते हैं। मुझे खुशी है कि आज हर देशवासी सौर ऊर्जा का महत्व भी समझ रहा है, और clean energy में अपना योगदान भी देना चाहता है। ‘सबका प्रयास’ की यही spirit आज भारत के Solar Mission को आगे बढ़ा रही है।”

पीएम मोदी ने कहा कि “काशी तमिल संगमम के दौरान, काशी और तमिल क्षेत्र के बीच सदियों से चले आ रहे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को Celebrate किया गया। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना हमारे देश को मजबूती देती है।”

पीएम मोदी ने कहा कि “डल झील, अपने स्वादिष्ट Lotus Stems यानी कमल के तनों या कमल ककड़ी के लिये भी जानी जाती है। कश्मीर के नादरू की डिमांड लगातार बढ़ रही है। इस डिमांड को देखते हुए डल झील में नादरू की खेती करने वाले किसानों ने एक FPO बनाया है। इस FPO में करीब 250 किसान शामिल हुए हैं।”