जनसभा में पीएम बोले- ‘कांग्रेस कर्नाटक को अपने नेताओं के लिए एटीएम बनाना चाहती है’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (25/03/2023): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी शनिवार को कर्नाटक के बेंगलुरु के देवागेरे में रोड शो किया। उसको बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है।

उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “आज विजय संकल्प रैली हो रही है, उसी समय हमारे कर्नाटक में कलबुर्गी में, जो कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कर्मभूमि है, आज वहां मेयर, उप-मेयर का चुनाव था और वहां भाजपा के मेयर, उप-मेयर जीत गए। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के घर में भाजपा का विजय डंका बज गया। ये एक प्रकार से विजय संकल्प रैली का शुभ संकेत है कि विजय यात्रा आरंभ हो चुकी है। यह नतीजा साफ दिखा रहा है कि डबल इंजन सरकार की धमाकेदार वापसी का निर्धार कर्नाटक ने कर लिया है।”

पीएम मोदी ने आगे कहा कि “सोशल मीडिया पर कल मैंने कर्नाटक का एक वीडियो देखा। एक पार्टी के बड़े नेता, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता को सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारने का आनंद ले रहे थे। जो अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं कर सकते, वो जनता जनार्दन का सम्मान क्या करेंगे? कर्नाटक भाजपा का हर कार्यकर्ता, मेरे लिए मेरा एक मजबूत साथी है। यहां का हर कार्यकर्ता मेरा परम मित्र है, मेरा सहोदर है।”

पीएम मोदी ने कहा कि “यह समर्थन और उत्साह अगले 3 महीनों में हमारी यात्रा को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर जाना चाहिए। हमें हर बूथ को जीतना है, नई ऊर्जा को आत्मसात करना है, आगे बढ़ने के लिए नई ताकत का संकल्प लेना है। हमें राष्ट्र निर्माण में तन मन से योगदान देना चाहिए।”

पीएम मोदी ने कहा कि “कर्नाटक ने अवसरवादी और स्वार्थी गठबंधन की सरकारों का लंबा दौर देखा है। ऐसी सरकारों से कर्नाटक को हमेशा नुकसान हुआ है इसलिए कर्नाटक के तेज विकास के लिए भाजपा की पूर्ण बहुमत की स्थिर सरकार बहुत जरूरी है। भाजपा कर्नाटक को भारत के विकास की उभरती ताकत बनाना चाहती है जबकि कांग्रेस राज्य को अपने नेताओं के लिए एटीएम बनाना चाहती है।”

पीएम मोदी ने कहा कि “कांग्रेस सपना देख रही है। कांग्रेस वाले कहते हैं ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ लेकिन कांग्रेस के लोगों को ये पता नहीं कि कर्नाटक के लोगों ने संकल्प ले लिया है कि ‘मोदी तेरा कमल खिलेगा’ मोदी तेरा कमल खिलेगा। देश की जनता का, कर्नाटक की जनता का कमल खिलने में ही विश्वास है। आज दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है। ये मोदी के कारण नहीं, बल्कि आपके वोट के कारण बज रहा है। ये आपके वोट की ताकत है। इसी तरह वोट से कर्नाटक का डंका बजाना है।”