राहुल गांधी जबसे कांग्रेस के नेता बने हैं कांग्रेस नेताओं का स्तर नीचे जा रहा है: गृह मंत्री अमित शाह | नागालैंड

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (20/02/2023): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज सोमवार को नागालैंड के मॉन में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। साथ ही उन्होंने कहा कि जब से राहुल गांधी कांग्रेस के नेता बने हैं, तब से कांग्रेस नेताओं का स्तर दिन-प्रतिदिन नीचे गिरता जा रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि “मैं हमेशा से नागा समुदाय की जीवन जीने की पद्धति और उनके मजबूत चरित्र पर गर्व करता हूं। नागा समुदाय में महिलाओं का जो सम्मान है, उसकी पूरे देश भर में प्रशंसा हो रही है। इसलिए हमने श्रीमती कोन्याक को नागालैंड की सबसे पहली महिला सांसद बनाने का काम किया है।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस पार्टी नॉर्थ ईस्ट के साथ-साथ देश में भी हाशिये पर चली गई है। यह सब राहुल गांधी के नेतृत्व में हुआ है। राहुल गांधी के कांग्रेस की कमान संभालने के बाद से ही पार्टी के नेताओं के व्यवहार में तल्खी आने लगी है।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि “कांग्रेस को पूरे देश के अंदर कहीं सफलता नहीं मिल रही है। वहीं जबसे राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के नेता बने, तबसे कांग्रेस पार्टी के नेताओं का स्तर दिन-प्रतिदिन नीचे गिरता चला गया है। जिस प्रकार की भाषा प्रधानमंत्री मोदी जी के लिए इस्तेमाल की गई है, जनता इसे देख चुकी है। 2024 में कांग्रेस पार्टी दुरबीन से भी ढूंढने पर नहीं मिलेगी। देश की जनता इसका हिसाब बैलेट बॉक्स के माध्यम से करेगी।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि “कांग्रेस द्वारा पीएम पर की गई अपमानजनक टिप्पणी का इस देश की जनता बेहतर जवाब देगी। चुनाव, परिणाम कहानी बताएंगे। कांग्रेस इस बार निश्चित रूप से विलुप्त होने जा रही है।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि “नागालैंड के लिए 4,126 रुपये के कुल 266 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों को मंजूरी दी गई है। पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत हर महीने 14 लाख से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। 2009-10 में, कांग्रेस सरकार ने नागालैंड के लिए 1,300 करोड़ रुपये आवंटित किए, जिसे केंद्र में भाजपा सरकार ने बढ़ाकर 4,800 करोड़ रुपये कर दिया।”