कानून व्यवस्था सुधारने के बजाय गंदी राजनीति में व्यस्त हैं एलजी: सीएम केजरीवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (20/01/2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के बीच तकरार कम होती नजर नहीं आ रही है। अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में कानून व्यवस्था की तेजी से बिगड़ती स्थिति को लेकर एलजी विनय कुमार सक्सेना पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एलजी इसे सुधारने के लिए कदम उठाने के बजाय गंदी राजनीति करने में व्यस्त है। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि आज एलजी निर्वाचित सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप और दखलंदाजी करने के लिए आज दिल्ली सरकार के अधिकारियों की कई बैठकें बुलाई है। इस बात की जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दिया है।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में कहा है, “दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति तेजी से बिगड़ रही है, एलजी इसे सुधारने के लिए कदम उठाने के बजाय गंदी राजनीति करने में व्यस्त है। उन्होंने निर्वाचित सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप करने और दखलंदाजी करने के लिए आज दिल्ली सरकार के अधिकारियों की कई बैठकें बुलाई हैं, जिन्हें करने का उनके पास कोई अधिकार नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा है, “LG साहिब, आपका काम दिल्ली की क़ानून व्यवस्था, दिल्ली पुलिस और DDA सँभालना है। हमारा काम दिल्ली के अन्य सभी विषयों पर काम करना है। आप अपना काम कीजिए, हमें अपना काम करने दीजिए। तभी तो व्यवस्था चलेगी। आप अपने काम छोड़कर रोज़ हमारे काम में दखल देंगे तो व्यवस्था कैसे चलेगी?”