कुत्ते पर टिकी भाजपा और कांग्रेस की सियासत, पढें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21/12/2022): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘कुत्ते’ वाले बयान को लेकर बवाल जोर पकड़ता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के इस बयान को लेकर लगातार हमला करने में लगी हुई है। इसी संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी के नेता रामेश्वर शर्मा ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने कहा है कि जो खुद कुत्ता होता है वो दूसरों को कुत्तों की तरह देखता है।

भारतीय जनता पार्टी के नेता रामेश्वर शर्मा ने कहा कि “कांग्रेस को कुत्ते गिनने की आदत हो गई है, देशभक्त गिनने की आदत नहीं हुई। देश भक्तों का सम्मान करने की आदत नहीं हुई। जैसे ये सोनिया गांधी के दरबारी कुत्ते बने खुद घूमते हैं उसी दृष्टी से देखते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि “जो खुद कुत्ता होता है वो दूसरों को कुत्तों की तरह देखता है। इसलिए मल्लिकार्जुन खड़गे को समझना चाहिए कि खुद सोनिया के 10 जनपथ के कुत्ते बने हों, इसलिए दूसरे को कुत्ता कहना अपराध है।”

आपको बता दें राजस्थान के अलवर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 19 दिसंबर यानी सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि हमने देश को आज़ादी दिलाई और देश की एकता के लिए इंदिरा और राजीव गांधी ने अपनी जान की क़ुर्बानी दी। हमारे पार्टी के नेताओं ने अपनी जान दी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से सवाल करते हुए कहा कि आपने क्या किया? आपके घर में कोई देश के लिए कुत्ता तक मरा है? क्या किसी ने कोई क़ुर्बानी दी है? नहीं।