राहुल गांधी सेना का अपमान करते हैं, देश से उनको माफी मांगना चाहिए: गौरव भाटिया

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (21/12/2022): भारत और चीन सीमा पर विवाद को लेकर सदन के शीतकालीन सत्र में इन दिनों विपक्ष लगातार सरकार से चर्चा की मांग कर रहा है। इस मुद्दे को लेकर लगातार सरकार पर विपक्ष सदन में हमलावर है। लगातार हंगामे की वजह से इस बार भी सदन का शीतकालीन सत्र हंगामे की भेंट चढ़ गया है। सदन में हो रहे हंगामे पर विपक्ष की प्रमुख पार्टी कांग्रेस पार्टी पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने जमकर हमला बोला है।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि जब हमारी वीर सेना अपना शौर्य दिखाती है और भारत का हर नागरिक गौरवान्वित होता है। उस वक्त राहुल गांधी का प्रयास होता है कि किस प्रकार सेना का मनोबल तोड़ें, लेकिन तोड़ नहीं पाते हैं।क्योंकि सेना का मनोबल हिमालय से भी ऊँचा है।

गौरव भाटिया ने कहा कि चाहे डोकलाम हो, चाहे गलवान हो या तवांग हो, एक बदलाव आया है नीति में, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना को खुली छूट दी गई है। सीमा पर इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाया गया है। हमने देखा कि चीन के करीब 300 सैनिक पीछे खदेड़ दिए गए, ये हमारी सेना की ताकत है।

 

गौरव भाटिया ने कहा कि हर भारतीय को तो भारतीय सेना पर गर्व है, लेकिन राहुल गांधी जी कहते हैं कि ‘सेना पिट गई है’ और उनका समर्थन खड़गे जी भी करते हैं। इसका मलतब ये है कि खड़गे जी अध्यक्ष तो बन गए हैं लेकिन रिमोट कंट्रोल अभी भी गांधी परिवार के पास ही है।

राहुल गांधी और अब मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा समय-समय पर हमारे वीर नायकों के बारे में शर्मनाक टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें पूरे देश के सामने माफी मांगनी चाहिए।इसके साथ कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी कि भारत जोड़ो यात्रा पर गौरव भाटिया ने निशाना साधते हुए कहा कि साफ दिख रहा है कि जिसने भी नफरत फैलाई है, जो भी देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहा है, वह ‘भारत तोड़ो’ यात्रा का अभिन्न अंग रहा है।

 

इसके साथ ही भारत के स्वास्थ्य मंत्री मनसुख एल. मांडविया द्वारा भारत जोड़ो यात्रा में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए राहुल गांधी को एक पत्र लिखा गया है। इस पर कांग्रेस पार्टी कह रही है कि भारत जोड़ो यात्रा की लोकप्रियता से भारतीय जनता पार्टी बौखला गई है इसलिए भारत जोड़ो यात्रा को लेकर भारतीय जनता पार्टी रोकना चाहती है।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा नहीं बल्कि भारत छोड़ो यात्रा राहुल गांधी हिंदुस्तान में चला रहे हैं। चीन में जिस तरीके से कोरोना की केस बढ़ रहे हैं भारत सरकार भी इसके लिए सचेत हुई है। इस संदर्भ में भारत जोड़ो यात्रा में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए पत्र लिखा गया है। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए राजनीति से ऊपर उठकर राहुल गांधी को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन भारत जोड़ो यात्रा में करवाना चाहिए।।