24 साल बाद गांधी फैमिली से बाहर का बना अध्यक्ष, कांग्रेस की कमान संभालेंगे खड़गे

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (19 अक्टूबर 2022): गांधी परिवार के वफादार माने जाने वाले मल्लिकार्जुन खड़गे नए कांग्रेस अध्यक्ष बन गए। इसके लिए हुए मतदान में उन्हें कुल 7,897 वोट मिले, जबकि शशि थरूर को भी 1,000 से ज्यादा वोट मिले हैं। थरूर ने अपनी हार को स्वीकार कर लिया है। इस बीच राहुल गांधी ने कहा है कि पार्टी में मेरी भूमिका के बारे में अब खड़गे ही तय करेंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे को लेकर माना जा रहा था कि उन्हें पार्टी हाईकमान की ओर से भी समर्थन मिला है। यही वजह है कि चुनाव में ज्यादातर नेताओं का समर्थन भी उन्हें ही मिला है। कर्नाटक से 9 बार विधायक रहने और कई बार सांसद रहने वाले मल्लिकार्जुन खड़गे को गांधी परिवार के वफादार नेताओं में शुमार किया जाता है।

खड़गे का कांग्रेस अध्यक्ष चुना जाना पार्टी में बड़े बदलाव की शुरुआत माना जा रहा है। उनके अध्यक्ष बनने के साथ ही गांधी परिवार बैकसीट पर पहुंच गया है, जो लगातार 24 सालों से कांग्रेस अध्यक्ष था।1998 से अब तक सोनिया गांधी ही कांग्रेस अध्यक्ष थीं, जबकि बीच में दो साल के लिए 2017 से 2019 के दौरान राहुल गांधी ने यह पद संभाला था। लोकसभा चुुनाव में हार के बाद राहुल गांधी ने पद से इस्तीफा दे दिया था। यही नहीं तभी उन्होंने साफ कर दिया था कि अब गांधी परिवार से कोई अध्यक्ष नहीं होगा। अंत तक वह इस जिद पर अड़े रहे और फिर चुनाव हुआ, जिसमें मल्लिकार्जुन खड़गे को चुना गया है।

इस बीच राहुल गांधी ने मल्लिकार्जुन खड़गे के अध्यक्ष होने पर अपनी भूमिका के बारे में भी बताया है। राहुल ने खुद ही साफ कर दिया है कि पार्टी प्रमुख ही उनके काम का फैसला करेंगे। फिलहाल, वायनाड सांसद कन्याकुमारी से लेकर जम्मू-कश्मीर तक पदयात्रा की अगुवाई कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष का चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।

बुधवार को राहुल ने यात्रा के दौरान आंध्र प्रदेश में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने अपनी भूमिका को लेकर कहा कि इसके बारे में पार्टी प्रमुख बताएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी में सुप्रीम होता है। हर सदस्य अध्यक्ष के पास जाता है। वे पार्टी में मेरी भूमिका तय करेंगें, प्लीज खड़गे जी और सोनिया गांधी जी से पूछें।