कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को भगवान राम की तरह बताया, भाजपा ने किया पलटवार

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (19 अक्टूबर 2022): राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इन दिनों कर्नाटक में है। इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने उनकी तुलना भगवान श्रीराम से कर डाली। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राम का नाम है, उसी तरह राहुल गांधी का भी नाम ‘रा’ से ही शुरू होता है। इससे पहले राजस्थान के मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा था कि राहुल गांधी भगवान राम से भी ज्यादा पैदल चल रहे हैं। जितना श्रीराम अयोध्या से श्रीलंका तक चले थे, उससे ज्यादा का सफर राहुल गांधी करेंगे। इस पर भाजपा ने कहा-यह हमारी संस्कृति का अपमान है, इन लोगों ने गांधी परिवार की चापलूसी की सारी सीमाएं पार कर ली हैं।

मीणा ने कहा कि जितनी दूरी भगवान राम ने अयोध्या से लंका तक तय की थी राहुल गांधी उससे भी कहीं ज्यादा चलेंगे। वह कश्मीर से कन्याकुमारी तक का सफर करेंगे। पटोले ने कहा कि भगवान राम और जगद्गुरु शंकराचार्य भी पदयात्रा पर निकले थे। लोग उनके साथ जुड़ते चले गए। यह श्रीराम से तुलना नहीं है, लेकिन यह भी संयोग ही है कि दोनों का ही नाम ‘रा’ से शुरू होता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि श्रीराम ईश्वर हैं लेकिन राहुल गांधी एक इंसान हैं जो कि मानवता की सेवा कर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं के ऐसे बयान पर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है। राजस्थान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि राहुल गांधी भगवान राम से बड़े कैसे हो सकते हैं? कांग्रेस नेताओं ने हमेशा ही भगवान को चुनने में गलती की है। वहीं भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी की तुलना श्री राम से करके हमारी संस्कृति का अपमान किया जा रहा है। इन लोगों ने गांधी परिवार की चापलूसी की सारी सीमाएं पार कर ली हैं।