अब BJP के हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह, अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का किया विलय

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (19/09/2022): लंबे कयास के बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भाजपा में विलय कर दिया है। दिल्ली स्थित बीजेपी दफ्तर में बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय मंत्री किरण रिजजु ने बीजेपी में कैप्टन अमरिंदर सिंह को शामिल करवाया।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कैप्टन साहब ने हमेशा राष्ट्र को सबसे ऊपर रखा है। मुझे लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से भाजपा परिवार में उनका और उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।

 

नरेंद्र सिंह तोमर ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को पार्टी में शामिल करवाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसमें हमेशा गर्व से कहा जाता रहा है कि सबसे पहले राष्ट्र और दूसरे नंबर पर पार्टी। इस सिद्धांत को कैप्टन अमरिंदर सिंह जी ने हमेशा अपने जीवन में अपनाया। इसी का परिणाम है कि आज हम सब लोग साथ-साथ हैं।

 

नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह जी का भाजपा में आना, इसके मायने हैं कि पंजाब में शांति और सुरक्षा के पक्षधर हैं। उनके आने से भारतीय जनता पार्टी का ताकत बढ़ेगी और पंजाब में विकास के लिए ऐतिहासिक कदम होगा।।