16 वर्षीय लड़के की बॉलिंग से प्रभावित हुए राहुल गांधी, राजस्थान के सीएम से मदद की अपील

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (29/07/2022): राजस्थान के राजसमंद जिले का एक 16 वर्षीय लड़के की बॉलिंग को देखकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रभावित हो गए हैं। उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से अपील किया है कि इस बच्चे की मदद कर उसके सपने को साकार किया जाए। दरअसल कल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश 24×7 के वरिष्ठ संपादक दीपक शर्मा के ट्वीट को रीट्वीट किया है। जिसमें देश 24×7 के वरिष्ठ संपादक दीपक शर्मा ने एक बच्चे का वीडियो शेयर किया है जिसमें बच्चा मछली के जाल को नेट्स बना कर बॉलिंग का अभ्यास कर रहा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा है, “हमारे देश के कोने-कोने में अद्भुत प्रतिभा छिपी हुई है, जिसे पहचानना और बढ़ावा देना हमारा कर्तव्य है। अशोक गहलोत जी से मेरा निवेदन है, इस बच्चे का सपना साकार करने के लिए कृपया उसकी सहायता करें।”

देश 24×7 के वरिष्ठ संपादक दीपक शर्मा ने ट्वीट में लिखा था, “राजस्थान के राजसमंद ज़िले का यह 16 वर्षीय बच्चा अद्भुत प्रतिभा का धनी है। छोटे से गाँव में मछली के जाल को नेट्स बना कर अभ्यास कर रहे भरत सिंह का जज़्बा देखते ही बनता है। अगर इस युवा को प्रोफेश्नल मदद मिल जाए तो क्या पता आगे चल कर देश को एक शानदार गेंदबाज मिल जाए।”

बता दें कि 16 वर्षीय ये बच्चा राजस्थान के राजसमंद ज़िले का रहने वाला है। उसका नाम भरत सिंह है और उसे बचपन से ही किक्रेट का शोक है। उसके गांव में संसाधनों के अभाव होने के बावजूद भी उन्होंने बॉलिंग का अभ्यास करना नहीं छोड़ा। कहते हैं जहां पर प्रतिभा और लगन हों वहां रास्ता निकल ही जाता है ठीक ऐसे ही भरत सिंह के साथ हुआ है। उन्होंने जुगाड़ से मछली के जाल को नेट्स बना कर बॉलिंग का अभ्यास करता है।