सोनिया गांधी की ED में पेशी के खिलाफ युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (22/07/22): भारतीय युवा कांग्रेस ने आज केंद्र सरकार द्वारा ED के दुरुपयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान युवा कांग्रेस के साथियों ने जनपथ चौराहे पर प्रदर्शन कर चक्का जाम किया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि महंगाई, बेरोज़गारी जैसे ज़रूरी मुद्दों पर जनता की आवाज़ उठाने से रोकने के लिए केंद्र सरकार ED का इस्तेमाल कर रही है। हम बिना डरे और झुके देश की जनता द्वारा सरकार से कड़े सवाल पूछने के कर्तव्य को निभाते रहेंगे।

 

श्रीनिवास बी वी ने कहा कि सोनिया गांधी जी, राहुल गांधी जी जनता के मुद्दे उठाते हैं और इसी से सरकार की नींद हराम होती है। इसलिए केंद्र सरकार एजेंसियों को पीछे लगा रही है। तानाशाही हुकूमत एजेंसियों के दुरुपयोग से जनहित में उठने वाली बुलंद आवाजों को नहीं कुचल पाएगी। ये आवाजें यूं ही मुखर रहेंगी।

 

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा की कांग्रेस और गांधी परिवार के त्याग, बलिदान, समर्पण को तानाशाह हुक्मरान समझ नहीं पाएंगे। ये कांग्रेसी हैं- ना झुकेंगे, ना डरेंगे, तानाशाही हुकूमत के विरुद्ध लड़ाई लड़ेंगे। भाजपाई ED (Election Department) के षड्यंत्र न डरा पाएंगे, न झुका पाएंगे। ये सत्य की लड़ाई है, लड़ाई जारी रहेगी।