दिल्ली में बीजेपी ने विपक्षी दलों में की सेंधमारी, कई नेताओं ने थामा बीजेपी का दामन

टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (26 फरवरी 2024)

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी की उपस्थिति में आज आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और एनसीपी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पश्चिम दिल्ली मटियाला विधानसभा से आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रतिनिधि कृष्णा सहरावत, 2020 विधानसभा चुनाव में छतरपुर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे सतीश लोहिया, पूर्वी दिल्ली के सिख समाज सेवी सरदार जी.बी.एस. सिंह, एन.सी.पी. नेता राजेन्द्र सिंह, शैलेंद्र सिंह, केपी सिंह सहित प्रमुख नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया।

वीरेन्द्र सचदेवा ने सभी का भाजपा में पटका पहनाकर स्वागत किया और कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसके प्रधान सेवक दिन रात देश की उन्नति के लिए काम कर रहे हैं और हम सभी उन्हीं के नेतृत्व में भारत को विश्वगुरु बनाने का संकल्प ले कर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों में स्वस्थ गठबंधन नहीं बल्कि घोटालों की सज़ा के डर से बना बंधन है, जिसमें सभी अपने अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए एक दूसरे का सहारा ले रहे हैं।

आज आम आदमी पार्टी छोड़कर कई सिख भाईयों ने भाजपा की सदस्या ली है इसलिए आज केजरीवाल से एक सवाल है कि क्या आप सिख दंगे के प्रमुख दोषी जगदीश टाइटलर के साथ खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली अब अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचारों का हिसाब लेगी।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और भाजपा में हर एक कार्यकर्ता बराबर है। आने वाला लोकसभा चुनाव हम अपने कार्यकर्ताओं के सहारे और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों के बल पर एक बार फिर से जीतेंगे और साथ ही दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी दो तिहाई बहुमत जीत कर भाजपा की सरकार बनाएंगे। भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा की आम आदमी पार्टी एवं कांग्रेस दोनों के कार्यकर्ता नेताओं के किये गठबंधन से खुश नही हैं और उसी का परिणाम है आज दोनों दलों के लगभग एक हजार कार्यकर्ताओं का भाजपा में जुड़ना।।