मणिपुर के थौबल से राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 जनवरी 2024): कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की आज से शुरूआत हो चुकी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के सांसद राहुल गांधी ने मणिपुर के थौबल से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर बस रवाना की। यह यात्रा भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण है। यह यात्रा 67 दिनों में 110 जिलों से होकर 6,700 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी।

इस मौके पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि “2004 से मैं राजनीति में हूं, पहली बार मैं हिंदुस्तान के एक प्रदेश में गया जहां शासन व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी, जिसे हम मणिपुर कहते थे वह मणिपुर रहा ही नहीं। लेकिन प्रधानमंत्री आपके आंसू पोंछने, आपसे गले लगने नहीं आए।”

राहुल गांधी ने कहा कि “भारत जोड़ो यात्रा हम सुबह 6 बजे शुरु करते थे और शाम 7 बजे तक चलते थे, अंत में हमारा शाम को 20-25 मिनट का एक भाषण होता था लेकिन 7-8 घंटे हम आपकी बात सुनते थे। यही इस यात्रा का लक्ष्य है, हम आपको अपने मन की बात नहीं बताना चाहते हम आपकी बात सुनना चाहते हैं, आपके दर्द को समझना चाहते हैं।”

तो वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि “जब पंडित नेहरू पहली बार मणिपुर आए थे तब उन्होंने इसे भारत का गहना बताया था। यही बात इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने भी कही थी। यह मणिपुर की वह भूमि है जो आजादी के लिए लड़ी।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर वोट के लिए आते हैं लेकिन जब मणिपुर के लोग मुसीबत में है तब वे नहीं आते। वे राम-राम करते हैं। मुंह में राम और बगल में छुरी, यह वे जनता के साथ न करें। वोट के लिए ये सब ढोंगबाजी नहीं करनी चाहिए।”