मल्लिकार्जुन खड़गे बने ‘INDIA’ गठबंधन के अध्यक्ष, आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा- यह एक अच्छा संकेत

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 जनवरी 2024): इंडिया ब्लॉक द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अध्यक्ष चुने जाने पर आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे को इंडिया ब्लॉक के अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें अध्यक्ष बनाना एक अच्छा संकेत है।

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि “इसके लिए उन्हें बधाई। वह एक बड़े नेता हैं। बचपन से लेकर अब तक उन्होंने अपना जीवन काफी संघर्ष के साथ बिताया है। उनकी निजी जिंदगी की कहानी संघर्षों से भरी है। वह एक दलित नेता रहे हैं। गठबंधन के सभी साथी उनका सम्मान करते हैं और उनकी बात सुनते हैं। उन्हें अध्यक्ष बनाना एक अच्छा संकेत है।”

बता दें कि इंडिया ब्लॉक के नेताओं की शनिवार को वर्चुअल बैठक हुई थी। इस बैठक के दौरान इंडिया ब्लॉक की अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम पर आम सहमति बनी है। इसका औपचारिक घोषणा बैठक में अनुपस्थित नेताओं से चर्चा के बाद किया जा सकता है।