हरियाणा में बोले केजरीवाल- ‘कितना ही बड़ा पाप कर लो, बीजेपी में संरक्षण मिलेगा’

Arvind Kejriwal

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (05 नवंबर 2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज रविवार को हरियाणा के रोहतक में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलवाई। इस मौके पर उनके साथ आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता, वरिष्ठ नेता अनुराग ढाड़ा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष चित्रा सरवरा भी मौजूद रही।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “दो महीने पहले 1100 पदाधिकारियों को शपथ दिलाई थी। आज 11,000 पदाधिकारियों को शपथ दिला रहे हैं। AAP का संगठन गाँव-गाँव , वार्ड-वार्ड तक पहुँच चुका है। इतना बड़ा संगठन कांग्रेस और BJP के पास भी नहीं है। AAP के लिए जो माहौल पंजाब में था, उससे कई गुना ज़्यादा माहौल हरियाणा में है।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि “मोदी जी, आम आदमी पार्टी या अरविंद केजरीवाल से नहीं घबराते। मोदी जी देश के आम लोगों की ताक़त से घबराते हैं।”

अरविंद केजरीवाल ने दावा करते हुए कहा कि “दिल्ली में दिल्लीवालों ने मिलकर आम आदमी पार्टी की पहली सरकार बनाई थी, पंजाब में पंजाब वालों ने मिलकर आम आदमी पार्टी की दूसरी सरकार बनाई और 2024 में हरियाणा में यहां के लोग मिलकर आम आदमी पार्टी की तीसरी सरकार बनाने जा रहे हैं।”

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि “मोदी देश नहीं चला रहे है, मोदी का दोस्त देश चला रहा है, दोस्त के दफ़्तर से क़ानून बनकर आते हैं। आपका वोट भी मोदी को नहीं, उनके दोस्त को जाता है।”

उन्होंने कहा कि “मोदी जी एक नेता के बारे में कहते हैं कि उसने 70,000 करोड़ का घोटाला कर दिया है। फिर वो 4 दिन बाद BJP के साथ चला जाता है तो उसे उपमुख्यमंत्री बना देते हैं। ये मोदी की भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ लड़ाई है? ये तो नौटंकी है। एक बार होता तो मान लेते लेकिन ये तो हर राज्य में ऐसी नौटंकी कर रहे हैं।”

दिल्ली सीएम ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “पाप करो और भाजपा में जाओ। किसानों पर गाड़ी चलाओ, भाजपा में जाओ। महिलाओं का शोषण करो, भाजपा में जाओ। कितना ही बड़ा पाप कर लो, इनकी पार्टी में संरक्षण मिलेगा।” उन्होंने आगे कहा “जो ED,CBI के डर से BJP में चला गया वो भ्रष्टाचारी है। उसे पता है उसके पास छिपाने के लिये कुछ है, ज़िंदगी भर जेल में रहना पड़ेगा। जो ED,CBI की गिरफ़्तारी के बावजूद BJP में नहीं जाता। उसे पता है आज नहीं तो कल बाहर आ ही जाएगा।”