सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक का दिल्ली के एम्स में निधन, पीएम ने जताया शोक

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 अगस्त 2023): सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक का मंगलवार को निधन हो गया है। बिंदेश्वर पाठक ने दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली। सुलभ इंटरनेशनल के ऑफिस में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया। उसके कुछ देर बाद उनका निधन हो गया। उनके मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक के निधन पर ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट में लिखा है, “डॉ. बिंदेश्वर पाठक जी का निधन हमारे देश के लिए एक गहरी क्षति है। वह एक दूरदर्शी व्यक्ति थे जिन्होंने सामाजिक प्रगति और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया। बिंदेश्वर जी ने स्वच्छ भारत के निर्माण को अपना मिशन बना लिया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन को जबरदस्त समर्थन प्रदान किया। हमारी विभिन्न बातचीत के दौरान स्वच्छता के प्रति उनका जुनून हमेशा दिखता रहा। उनका काम कई लोगों को प्रेरणा देता रहेगा। इस कठिन समय में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। शांति।”

बता दें बिंदेश्वर पाठक 80 साल के थे। वह बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले थे। बिंदेश्वर पाठक को वर्ष 1999 में पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2003 में विश्व के 500 उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाले व्यक्तियों की सूची में उनका नाम प्रकाशित किया गया। बिंदेश्वर पाठक को एनर्जी ग्लोब समेत कई दूसरे पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया है।।