दिल्ली को पार्ट टाइम नहीं, फुल टाइम CM चाहिए : बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 जुलाई 2023): कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आज विपक्षी दलों की संयुक्त बैठक हो रही है। इस बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बेंगलुरु पहुंचे हैं। इसे लेकर दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।

उन्होंने मंगलवार को ट्वीटर पर अपना वीडियो शेयर करते हुए कहा कि “आज दिल्ली के सीएम का कर्तव्य था कि वो दिल्ली के लोगों के दुःख-दर्द में उनके साथ खड़े रहते परंतु अरविंद केजरीवाल पोलिटिकल टूरिज्म करने बेंगलुरु पहुँच गये। आज दिल्ली को Part-Time CM नहीं Full-Time CM चाहिए।”

बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने वीडियो में कहा है कि “साथियों, दिल्ली आज बाढ़ से त्रस्त है। हजारों लोग सड़क पर आज सोने के लिए मजबूर हैं। आज दिल्ली को जब कुशल नेतृत्व की जरूरत थी। उस समय दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंज केजरीवाल पॉलिटिकल टूरिज्म के लिए बेंगलुरु पहुंच गए हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि “बाढ़ की वजह से आज दिल्ली में बीमारियां फैल रही हैं। छोटे छोटे गरीब बच्चे बीमार हो रहे हैं। ऐसे में दिल्ली के मुख्यमंत्री का दायित्व था कि वो वहां जाते और उनकी सेवा करते। लेकिन अपनी भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए वो खुद बेंगलुरु पहुंच गए हैं।”

बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि “दिल्ली को अब पार्ट टाइम सीएम नहीं, बल्कि फुल टाइम सीएम चाहिए। जो दिल्लीवालों की सेवा कर सके, न की भ्रष्टाचार।”