दिल्ली में जलभराव को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का केजरीवाल पर बयानी प्रहार

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (08 जुलाई 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुई भारी बारिश के बाद कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसे लेकर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली वालों को अरविंद केजरीवाल के भरोसे छोड़ दिया जाए तो वो सुरक्षित नहीं रह सकते।

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि “बात-बात में नगर निगम को कोसने वाला अरविंद केजरीवाल आज चुप क्यों हैं। जवाब दें। अब नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग भी अब उनके पास है। अब दिल्ली का कोई विभाग है ऐसा जो उनके पास नहीं है। किसे दोष देंगे और किसके ऊपर इसका ठीकरा फोड़ेंगे। आज केजरीवाल जवाब नहीं देंगे। आज वो फोटोग्राफ दिखाएंगे कि देखो हमारे लोग काम पर लगे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि “आज दिल्ली में जो हालात है लोग घरों में छुप कर बैठे हुए हैं। वो बाहर नहीं निकल सकते। अरविंद केजरीवाल की लापरवाही के कारण ऑटो चालक अजीत शर्मा की जान चली गई। जिस तरह से दिल्ली की सड़कें जलमग्न हैं, मैं प्रार्थना करता हूं कि दिल्ली वाले सुरक्षित रहें क्योंकि अरविंद केजरीवाल के भरोसे बैठेंगे तो दिल्ली वाले सुरक्षित नहीं रह सकते।”