अडानी मामले पर सड़क से संसद तक सियासी घमासान, सड़क पर उतरा विपक्ष

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (06/03/2023): अदानी मामले में JPC की मांग को लेकर आज विपक्ष के तमाम सांसदों ने विजय चौक पर तिरंगा यात्रा निकाला है। इसके बाद दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में विपक्ष के तमाम नेताओं की तरफ से सामूहिक प्रेस वार्ता की गई।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सरकार ने इस बजट को चर्चा में नहीं लाने का पूरा प्रयास किया। मोदी सरकार लोकतंत्र की बहुत बातें कहती है लेकिन जो कहती है उसके तहत चलती नहीं हैं। 50 लाख करोड़ का बजट केवल 12 मिनट में पास किया गया है। वे हमेशा कहते रहे कि विपक्ष को दिलचस्पी नहीं है लेकिन विघ्न तो सरकार की तरफ से हुआ है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जब भी हम नोटिस देते थे और उस पर चर्चा की मांग करते थे तब वे हमें बोलने नहीं देते थे। ऐसा पहली बार हुआ है, मैंने 52 सालों में ऐसा कभी नहीं देखा। यहां 2 साल से मैं देख रहा हूं कि खुद सत्तारूढ़ पार्टी के लोग विघ्न डालते हैं। हमारा सामूहिक मुद्दा था कि अडानी को इतना महत्व क्यों दिया जा रहा है? अडानी की संपत्ति केवल 2.5 साल में 12 लाख करोड़ कैसे हुई? उन्होंने सरकार का पैसा और संपत्ति खरीदी है। क्यों मोदी जी एक ही व्यक्ति को इतनी चीजें दे रहे हैं।

पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि किन-किन देशों के प्रधानमंत्रियों और उद्योगपतियों से वे मिले। इस पर चर्चा होनी चाहिए। हम JPC की मांग कर रहे हैं। इसमें उन्हें कोई नुकसान नहीं होने वाला था। उनके पास बहुमत है तो ज्यादा लोग आपके रहेंगे। इसके बावजूद वे भाजपा JPC से क्यों डर रहे हैं। भाजपा खुद नहीं मानते। कभी आपने सुना है कि सरकार के लोग ही माफी मांगो- माफी मांगो बोलकर सदन न चलने दें। वे संविधान को नहीं मानते, लोकतंत्र को नहीं मानते।।