गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर दिखेगी राफेल की दहाड़ और हिंदुस्तान की ताकत

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (22/01/2023): 26 जनवरी को देश अपना 74 वां गणतंत्र दिवस मनाएगा इसे लेकर राजधानी दिल्ली में सरकार की तरफ से गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तमाम तरह की तैयारियां कर्तव्य पथ पर निरंतर जारी है। पहली बार राजपथ नहीं बल्कि कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के मौके पर परेड का आयोजन हो रहा है।

गणतंत्र दिवस की तैयारियां कर्तव्य पथ पर जोर-शोर से चल रही है। कर्तव्य पथ और आस-पास के इलाके पर सभी सुरक्षा एजेंसियां और तमाम विभाग आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए है।

आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्य पथ पर तिरंगा झंडा फहराएंगी। गणतंत्र दिवस के मौके पर दूसरे देश की अतिथियों को आमंत्रित करने की भारत में परंपरा रही है। इस बार मिस्र के राष्ट्रपति सीसी 74वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रपति सीसी के साथ पांच मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा।

 

गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति भवन से लेकर इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पर थल सेना, जल सेना, वायु सेना, दिल्ली पुलिस एवं तमाम राज्यों की अलग-अलग झांकियां निकाली जाती है। गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत हमेशा अपनी आन बान और शान का परिचय भी कर्तव्य पथ से पूरी दुनिया को देता है।

आपको बता दें कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में 23 झांकियां दर्शकों को दिखाई जाएंगी। इन 23 झांकियों में से 17 झांकियां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से और 6 झांकियां विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से होंगी। कर्तव्य पथ पर होने वाली झांकियों को देखने के लिए देशभर से लोग पहुंचते हैं।

आपको बता दें कि इस साल गणतंत्र दिवस समारोह में 50 विमान शामिल होंगे। इसमें 9 राफेल और नेवी के IL-38 का हवाई प्रदर्शन होगा। IL-38 इंडियन नेवी का विमान है, जिसने सेना में लगभग 42 सालों तक सेवा दी है।

गणतंत्र दिवस को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गणतंत्र दिवस को लेकर दिल्ली पुलिस के जवानों को अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से लगाया गया है। दिल्ली पुलिस के तरफ से लगातार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम को लेकर अधिकारियों के साथ मीटिंग की जा रही है।।