दिल्ली में कड़ाके की ठंड, दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए कोहरे का अलर्ट किया जारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (07/01/2023): देश की राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली में कई जगहों पर घना कोहरा छाया हुआ है जिसके वजह से विज़िबिलिटी भी कम हो गई। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया। मिली जानकारी के मुताबिक खराब मौसम और अन्य संबंधित मुद्दों के कारण दिल्ली हवाई अड्डे से लगभग 34 घरेलू प्रस्थान उड़ानें विलंबित हुईं। हवाई अड्डे पर विभिन्न गंतव्यों से आने वाली 12 से अधिक उड़ानें विलंबित हैं। तो वहीं दूसरी तरफ उत्तर रेलवे क्षेत्र में कोहरे के कारण 32 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली रिज का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है।