केजरीवाल के खिलाफ BJP दर्ज कराएगी मुकदमा, जानें क्या है पूरा मामला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (13/12/2022): दिल्ली में एमसीडी चुनाव भले ही समाप्त हो चुका है, लेकिन आम आदमी पार्टी और बीजेपी में आरोप-प्रत्यारोप का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिन पहले बीजेपी ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया था कि उनके पार्षदों को खरीदने की कोशिश केजरीवाल की सरकार कर रही है।

इसके बाद आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया था कि दिल्ली बीजेपी के फॉर्मर मेयर योगेंद्र चंदोलिया ने उनके पार्षदों से संपर्क करने की कोशिश की थी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने संजय सिंह पर करारा हमला बोला था।

दिल्ली बीजेपी से सांसद रमेश बिधूड़ी ने आज आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ परसेंट वोटों से भले ही एमसीडी का चुनाव अरविंद केजरीवाल की सरकार जीत चुकी है लेकिन उनकी जो नीच हरकत है वह कम होने का नाम नहीं ले रही है। लगातार भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों से वह संपर्क कर रहे हैं।

 

रमेश बिधूड़ी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर झूठा आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आम आदमी के पार्टी के पार्षदों से संपर्क साझा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके खिलाफ हम लोग शिकायत करेंगे और अरविंद केजरीवाल पर मानहानि का मुकदमा भारतीय जनता पार्टी दर्ज कराएगी।

दिल्ली बीजेपी के फॉर्मर मेयर योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार आज दिल्ली में बौखला चुकी है। जिस तरीके से राज्यसभा के सांसद संजय सिंह ने हमारे ऊपर यह आरोप लगाया था कि हम उनके पार्षदों से संपर्क कर रहे थे यह बेबुनियाद है। अगर हम संपर्क कर रहे थे तो इनके पास क्या सबूत है। वह सबूत सामने रखें अगर संजय सिंह ऐसा नहीं करते हैं तो आने वाले दिनों में हम कोर्ट के अंदर जाएंगे और संजय सिंह की परतें खोल कर जनता के सामने रख देंगे।

योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि बीजेपी का कोई भी कार्यकर्ता ऐसा नहीं है। जो दूसरे पार्टी के पार्षद को खरीदने की कोशिश करेगा हम भारतीय जनता पार्टी के कट्टर सिपाही हैं और अरविंद केजरीवाल और उनके सांसद संजय सिंह ने जिस तरीके से हम पर आरोप लगाया है यह बेबुनियाद है।