बीजेपी को पंजाब में मिलेगा बड़ा सिख चेहरा, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री थामेंगे भाजपा का दामन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली, (19/09/2022): कांग्रेस पार्टी अपने नेता राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा कर रही है। कांग्रेस पार्टी का भारत जोड़ो यात्रा के पीछे मकसद है, जो लोगों के बीच से कांग्रेस के उठ चुके विश्वास को वापस हासिल करना। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी के कई नेता कांग्रेस पार्टी का दामन लगातार छोड़ रहे हैं।

हाल ही में कांग्रेस के कद्दावर नेता गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस का साथ छोड़ा उसके बाद गोवा से कांग्रेस के 8 विधायकों ने बीजेपी का दामन थाम लिया। वहीं आज कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने सहयोगियों के साथ भाजपा का दामन थामेंगे।

कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। कैप्टन के साथ पंजाब के छह पूर्व विधायक, कैप्टन के बेटे रण इंदर सिंह, बेटी जय इंदर कौर, नाती निर्वाण सिंह भी भाजपा में शामिल होंगे लेकिन पत्नी सांसद परनीत कौर फिलहाल कांग्रेस में रहेंगी।

 

आपको बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर अपनी पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बनाई थी। इसके बाद बीते विधानसभा चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बीजेपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था।

आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी पिछले कई वर्षों से पंजाब के अंदर एक मजबूत सीख चेहरे की तलाश कर रही है ऐसे में कैप्टन अमरिंदर सिंह का बीजेपी में आना एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

वर्तमान में पंजाब के अंदर आम आदमी पार्टी की सरकार है लेकिन भाजपा के लिए आने वाले दिनों में पंजाब के अंदर चुनौतियां भी बहुत हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीजेपी में आने से पंजाब के अंदर बीजेपी को कितना फायदा होता है यह तो आने वाला वक्त हीं बताएगा।