जम्मू-कश्मीर में मिनी बस हादसे में 11 लोगों की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (14/09/2022): जम्मू-कश्मीर के पुंछ के सवजियान इलाके में आज सुबह मिनी बस का हादसा हो गया। इस हादसे में 11 लोगों की मौत की खबर है और कई लोग घायल है। वहीं घायलों को इलाज के लिए मंडी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक अभी भी सेना द्वारा बचाव अभियान जारी है। इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार के सदस्यों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 1 लाख रुपए की राहत राशि देने का ऐलान किया हैं। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि “दुर्घटना में कुछ लोगों की आकस्मिक मौत हो गई है, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और सभी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना है। मृतक के परिवार को 5 लाख और घायलों को 1 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएंगी।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट में कहा है, “पुंछ के सावजियान में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”