डीटीसी बसों की खरीदारी में अनियमितता को लेकर मचा घमासान, भाजपा-आप में आरोप- प्रत्यारोप का दौर जारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (12/09/2022): भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में कल यानी रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया, प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और विधायक विजेंद्र गुप्ता ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस किया है।

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा है। दरअसल दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आज डीटीसी द्वारा 1000 लो-फ्लोर बसों की खरीद में अनियमितता और भ्रष्टाचार की जांच के लिए सीबीआई को शिकायत भेजने के प्रस्ताव को मंजूरी दिया है। अब इसे लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल जो भी करते हैं, एक कंसल्टेंट जरूर बना देते हैं और इस कंसल्टेंट के जरिए कैसे वसूली का रूपया, ये काला धन, गुलाबी गड्डियां अरविंद केजरीवाल तक पहुंच जाएं और भ्रष्टाचार पूरा हो जाए। यही इनका काम है। केजरीवाल जी का मुख्य मुद्दा है भटका दो और सही काम को लटका दो। लेकिन आप अगर लटकाना जानते हैं तो जनता भी झटका देना जानती है।

तो वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जी की सरकार स्वराज से शराब और फिर शराब से भ्रष्टाचार के सफर में इतनी डूब गई है कि वो जो भी काम करते हैं, जो भी खरीद फरोख्त होती है बिना भ्रष्टाचार के होती ही नहीं है।

भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में एक हजार बसों का टेंडर होता है, और वो टेंडर में बहुत सारी अनियमितताएं होती है। बसों की खरीद में अपनी चहेती कंपनी को फेवर करने के लिए टेंडर के नियमों का उल्लंघन किया जाता है। सीवीसी की गाइडलाइंस की धज्जियां उड़ाकर टेंडर दिया जाता है।

भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने आगे कहा कि 1 जून 2018 को एक षड्यंत्र के तहत दिल्ली के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर को डीटीसी बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया।ये हैरानी प्रकट करने वाला फैसला था, क्योंकि डीटीसी के इतिहास में 1970 से ऐसा कभी नहीं हुआ कि डीटीसी का चेरयरमैन कोई पॉलिटिकल आदमी बने।