कश्मीरी गेट इलाके में तीन मंजिला इमारत का गिरना बिल्डर और भाजपा की सांठगांठ का नतीजा: आप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली, 15/03/22: आम आदमी पार्टी के एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी के लालची स्वभाव ने लोगों की जान जोखिम में डाल दी है। बिल्डर के साथ सांठगांठ कर अवैध निर्माण किया और निर्माण के एक महीने बाद ही इमारत ढह गई, जिसमें 7 लोग घायल हो गए, जबकि ‘आप’ के विधायक प्रह्लाद सिंह धामी ने कई बार पत्र लिखकर एमसीडी में बैठी भाजपा को जानकारी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दुर्गेश पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी भाजपा के सभी पार्षदों, मेयर और अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा इसकी जांच कराएगी। वहीं, नॉर्थ एमसीडी के एलओपी विकास गोयल ने कहा कि इसकी जांच कराई जाए तो इसमें भाजपा का कोई नेता या कोई रिश्तेदार ही बिल्डर मिलेगा।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। दुर्गेश पाठक ने कहा कि कल कश्मीरी गेट इलाके में एक बहुत ही दुखद घटना घटी। उसका एक वीडियो और कुछ फोटो दिखाते हुए कहा कि वीडियो में जो इमारत दिख रही है, वह 3 मंजिला इमारत थी। कल यह पूरी इमारत गिर गई। यह पूरा परिसर लगभग 1500 गज का है। जिसमें यह ब्लॉक 180 गज का था, जहां यह 3 मंजिला इमारत बनाई जा रही थी।

हमने पता लगाया है कि एमसीडी ने इसका नक्शा पास किया था या नहीं। यदि 100 गज तक की इमारत है, तो सरल स्कीम के जरिए आसानी से नक्शा पास हो सकता है। इस 180 गज की इमारत का नक्शा सरल स्कीम से पास कराया गया था। जबकि यह संभव ही नही है। यानी इस इमारत का नक्शा अवैध तरीके से पास किया गया था। स्पष्ट है कि नक्शा पास कराने के लिए बिल्डर ने भाजपा को पैसा खिलाया है।

हमारे विधायक प्रह्लाद सिंह साहनी ने 21 दिसंबर को एक पत्र लिखा। जिसमें उन्होंने भाजपा के सभी लोगों को अवैध निर्माण की जानकारी दी और कार्रवाई का आग्रह किया था। इससे पहले 8 दिसंबर को उन्होंने कमिश्नर को वाट्सअप पर मैसेज कर जानकारी दी, लेकिन उधर से कोई जवाब नहीं आया। बाद में उन्होंने 2 और पत्र लिखे। एक पत्र 8 फरवरी को और दूसरा 9 फरवरी को लिखा। यहां तक कि एलजी को भी पत्र लिख कर इसकी जानकारी दी कि इसमें किसी की जान जाने का खतरा है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसका कारण साफ है, उन्हें अपनी जेब भरनी थी।

उन्होंने कहा कि हो सकता है, आप लोगों को लगे कि हमारे विधायक ने झूठ बोलै है। आपको यह भी लग सकता है कि शिकायत में कोई दम नहीं था। लेकिन जब इतनी बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो जाहिर है, ऊपर से नीचे तक भाजपा के सभी पार्षदों की जेब भरी गई है। लगभग 3 महीने पहले तिमारपुर में भी ऐसा ही हादसा हुआ था। उसमें भी हिमारी पार्षद गुड्डी देवी पत्र लिखते- लिखते थक गईं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई और आखिर में नतीजा सबके सामने था। एक महीने में 3 मंजिल कैसे खड़ी कर सकते हैं।

मैं भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता से कहना चाहता हूँ कि वह इस पर स्पष्टीकरण दें। इमारत गिरने के कारण 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। शुक्र है उनकी जान नहीं गई। आदेश गुप्ता की नैतिक जिम्मेदारी बनती है की इस पर कार्रवाई हो। यह एक आपराधिक कृत्य है। आम आदमी पार्टी भाजपा के सभी पार्षदों, मेयर और अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर कराएगी। एमसीडी में चोर लुटेरों की सरकार चल रही है। इसकी जांच होनी चाहिए और सभी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।

नॉर्थ एमसीडी के नेता प्रतिपक्ष विकास गोयल ने कहा कि सरल स्कीम में भी इन्होंने केवल 80 गज का नक्शा पास कराया। गलत जानकारी देकर नक्शा पास करा लिया। वास्तव में यह 180 गज की ज़मीन थी। जब भी कोई इमारत बनाई जाती है, जेईई तुरंत वहां पहुच जाता है। तो यह संभव ही नहीं है कि उसे अवैध निर्माण की जानकारी न हो। इससे साफ हो जाता है कि इसमें बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया गया है।

बिल्डरों और भारतीय जनता पार्टी की मिलीभगत के कारण इस तरह के हादसे लगातार हो रहे हैं। विशेषकर गौर सिटी में इस तरह की घटनाएं बहुत हो रही हैं। मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं की यदि इसकी जांच कराई जाए तो इसमें भाजपा का कोई नेता या कोई रिश्तेदार ही बिल्डर होगा। अपनी जेब भरने के लिए इन लोगों ने लोगों की जान जोखिम में डाल दी, इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता है।