दिल्ली में आवारा पशुओं का आतंक, लावारिश गाय ने ली एक व्यक्ति की जान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 फरवरी 2024): दिल्ली में आवारा पशुओं का आतंक जारी है। दिल्ली नगर निगम कितने भी बड़े दावे कर ले लेकिन आवारा कुत्तों और गायों पर लगाम लगाने में लापरवाही बरती जा रही है। ताजा मामला दिल्ली के देवली खानपुर इलाके का है, जहां सुभाष झा नाम के व्यक्ति पर एक आवारा गाय ने हमला कर दिया। गाय ने सुभाष पर इस कदर हमला किया कि अस्पताल ले जाने के क्रम में ही सुभाष की मौत हो गई।

दिल्ली बीजेपी ने दिल्ली एमसीडी में शासित केजरीवाल सरकार पर जमकर हमला बोला है। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि निगम के अंदर आम आदमी पार्टी के आते ही भ्रष्टाचार काफी बढ़ गया है और जनता के अंदर रोष की भावना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अंदर गौशालाएं दिल्ली सरकार चलाती है और निगम चुनाव से पूर्व अरविंद केजरीवाल ने लावारिश गायों एवं सांडों को गौशालाओं में स्थानांतरित करने का वादा किया था, पर आज तक कोई कार्रवाई नही की है और आज हमने दिल्ली में इतनी दुखद घटना देखी है।

सरदार राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और महापौर डा. शैली ओबरॉय को चेतावनी दी कि ऐसी घटनाएं दोबारा ना हो इसके लिए निगम जरुरी कदम उठाए नहीं तो भाजपा दिल्ली नगर निगम के महापौर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने निगम से मांग की कि पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रूपए की आर्थिक सहायता राशि दी जाए।

प्रवीण शंकर कपूर ने “आप” नेता दुर्गेश पाठक पर आरोप लगाया कि जब भाजपा निगम सेवा में थी तो दुर्गेश पाठक छोटी छोटी बातों पर प्रेसवार्ता करते थे लेकिन आज लावारिश गाय द्वारा एक नवयुवक को निर्मम रूप से मार दिये जाने पर दुर्गेश पाठक ही नही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और महापौर डॉ. शैली ओबरॉय की चुप्पी उनकी संवेदनहीनता का प्रमाण है।

उन्होंने मुख्यमंत्री केजरीवाल एवं महापौर डा. ओबरॉय को नगर निगम चुनाव से पहले पार्टी द्वारा जारी 10 गारंटी कार्ड की याद दिलाई जिसमें चौथी गारंटी आवारा पशुओं से दिल्ली को मुक्ति दिलाने की थी। लेकिन निगम में आने के बाद ना तो मुख्यमंत्री ना महापौर ने कोई बैठक इस मुद्दे पर की और ना ही किसी तरह का कोई कदम उठाया।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।