पालम हवाईअड्डे पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत, G20 शिखर सम्मेलन को लेकर पीएम ने कही ये बात

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (26 अगस्त 2023): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ्रीका और ग्रीस की अपनी 4 दिवसीय यात्रा के समापन के बाद पालम एयरपोर्ट पहुंचे। पालम एयरपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “जिस बिंदु पर चंद्रयान-3 उतरा, उस बिंदु को शिवशक्ति नाम दिया गया। शिव की बात होती है तो शुभम् होता है और शक्ति की बात होती है तो मेरे देश के नारी शक्ति की बात होती है‌।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “मैं दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स में भाग लेने गया था। मुझे ब्रिक्स के दौरान चंद्रयान-3 के लिए बहुत सारी बधाई संदेश मिलीं।”

दिल्ली में आगामी G20 शिखर सम्मेलन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “G20 के लिए दिल्ली के नागरिकों को अधिक जिम्मेदारी मिल गई है। बहुत सारे मेहमान आएंगे। 5-15 सितंबर तक बहुत असुविधा होगी, मैं इसके लिए पहले से माफी मांगता हूं। ये मेहमान हम सबके हैं, हमें थोड़ी तकलीफ होगी, ट्रैफिक की व्यवस्थाएं बदल जाएंगी, हमें कई जगहों पर जाने से रोका जाएगा लेकिन कुछ चीजें जरूरी होती हैं।

तो वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि “पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका और ग्रीस की 4 दिवसीय यात्रा से लौटे हैं। आपके(पीएम) मार्गदर्शन और निर्देशन ने चंद्रयान-3 को एक सफल परियोजना बना दिया है। यह पूरे देश को गौरवान्वित कर रहा है। आपकी प्रतिबद्धता और समर्पण दर्शाता है कि आप सीधे बेंगलुरु गए और ISRO के वैज्ञानिकों से मिले जिन्होंने कड़ी मेहनत से भारत के लिए एक कीर्तिमान स्थापित किया।”

उन्होंने आगे कहा कि “2019 में जब चंद्रयान-2 सफल नहीं हो सका तो सभी निराश था। पीएम ने आगे आकर देश का हौसला बढ़ाया। आज देश विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में खुद को स्थापित कर चुका है। दुनिया भारत के विज्ञान और शोध की सराहना कर रही है।”

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बेंगलुरु में इसरो वैज्ञानिकों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चंद्रयान 3 मिशन में शामिल ISRO प्रमुख एस सोमनाथ और ISRO टीम के अन्य वैज्ञानिकों से मुलाकात की और उन्हें चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए बधाई दी।।