जूनियर क्लर्क परीक्षा का पेपर लीक, सीएम केजरीवाल ने साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (29/01/2023): गुजरात में आज जूनियर क्लर्क भर्ती परीक्षा होने वाला था, लेकिन पेपर लीक होने की वजह से जूनियर क्लर्क की परीक्षा स्थगित कर दी गई। इसे लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है।

केजरीवाल ने ट्वीट कर सवाल किया है कि “गुजरात में लगभग हर परीक्षा लीक हो जाती है। क्यों? करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो गया है।”

तो वहीं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भारतीय जनता पार्टी पर परीक्षा का पेपर लीक करने का आरोप लगाया है। उन्होंने ट्वीट में कहा है, “आज फिर गुजरात में भाजपा ने लाखों युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेरतै हुए जूनियर क्लर्क की परीक्षा का पेपर लीक करा दिया। पेपर लीक मामले में भाजपा ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। 9 लाख से ज़्यादा युवा इसकी परीक्षा देने वाले थे। मगर उन सबके सपने भाजपा ने तोड़ दिए।”

आपको बता दें कि गुजरात में पंचायत जूनियर क्लर्क भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण परीक्षा को स्थगित कर दी गई है। इस मामले में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। उसके पास से उपरोक्त परीक्षा के प्रश्नपत्र की कॉपी बरामद की गई है। इस मामले में पुलिस कार्रवाई और आगे की जांच कर रही है। यह परीक्षा आज सुबह 11 बजे से होने वाला था। इसमें 1181 पदों के लिए 9 लाख 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।।