ट्विटर पर जारी है सियासी जंग, सरकारी स्कूलों को लेकर हमलावर हुई भाजपा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (25/08/2022): भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने स्कूल को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। दरअसल असम सरकार ने राज्य के 34 स्कूलों को नोटिस जारी कर बंद करने का ऐलान किया है, क्योंकि इन स्कूलों के एक भी छात्र 2022 हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा में पास नहीं हुए। इसे लेकर केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि स्कूल बंद करने की बजाय स्कूल को सुधार कर पढ़ाई ठीक कीजिए। वहीं केजरीवाल के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने निशाना साधा है।

उन्होंने केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 7 साल में नए स्कूल खोलने की जगह आपने 16 स्कूल बंद कर दिए हैं। हर साल दिल्ली के सरकारी स्कूलों का रिजल्ट गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि 700 से ज्यादा स्कूलों में प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल नहीं है और काफ़ी स्कूलों में साइंस की पढ़ाई नहीं होता है। इसका समाधान कब करोगे या सिर्फ राजनीति ही करोगे।

केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “स्कूल बंद करना समाधान नहीं है। हमें तो अभी पूरे देश में ढेरों नए स्कूल खोलने की ज़रूरत है। स्कूल बंद करने की बजाय स्कूल को सुधार कर पढ़ाई ठीक कीजिए।”