कांग्रेस में आप ने की बड़ी सेंधमारी , गुजरात कांग्रेस के कद्दावर नेता हुए आप में शामिल

 

टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (14 अप्रैल 2022)

भारतीय राजनीति में चुनाव के आते ही नेताओं का पाला बदलना आम बात है ,जैसे ही किसी राज्य में चुनावी बिगुल बजती है नेता एक पार्टी से निकलकर दूसरे पार्टी में अपना स्थान तलाशना शुरू कर देते हैं।

अब गुजरात में विधान सभा का चुनाव होना है और ऐसे में गुजरात में पार्टियों के पाला बदलने का सिलसिला शुरू हो गया है।आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी ने गुजरात कांग्रेस में बड़ी सेंधमारी करते हुए कांग्रेस के कद्दावर नेता इंद्रनील राजगुरु और वशराम सागठिया को अपने खेमे में सफलता पूर्वक शामिल कर लिया।

ज्ञात हो कि इंद्रनील राजगुरु कांग्रेस के पूर्व विधायक रहे हैं वहीं वशराम सागठिया नगर निगम के पूर्व नेता रहे हैं। दोनों ही नेता विगत 2 दिनों से दिल्ली में थे तभी से यह कयाश लगाया जा रहा था कि ये दोनों नेता जल्द से जल्द अपना पाला बदलने वाले हैं।

राजनीतिक चर्चाओं एवं गहमागहमी के बीच आप के संयोजक और दिल्ली के मुखिया अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने आप का दामन थाम लिया।।