Jharkhand Election: झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, दो चरणों में होगा मतदान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 अक्टूबर 2024): झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने आज तारीखों का ऐलान कर दिया। चुनाव आयोग ने मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। झारखंड में दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 13 नवंबर को 43 सीटों के लिए मतदान होगा और दूसरा चरण 20 नवंबर को 38 सीटों के लिए मतदान होना है। इसके नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। बता दें कि झारखंड में कुल 81 विधानसभा की सीटें हैं और 81 विधानसभा सीटों के लिए 2 चरणों में मतदान होना है।

जानें पूरी डिटेल्स

मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए अधिसूचना 18 अक्टूबर तो वहीं दूसरे चरण के लिए 22 अक्टूबर को जारी किए जाएंगे। नामांकन की आखिरी तिथि पहले चरण के लिए 25 अक्टूबर और स्क्रुटनी की तिथि 28 अक्टूबर 2024 है। वहीं दूसरे चरण के लिए नामांकन की आखिरी तिथि 29 अक्टूबर और स्क्रुटनी की तिथि 30 अक्टूबर 2024 है।

पहले चरण के लिए 30 अक्टूबर 2024 तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकते हैं और दूसरे चरण के लिए 1 नवंबर 2024 तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकते हैं। झारखंड में पहला चरण का मतदान 13 नवंबर और दूसरा चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा।

दो चरण में मतदान

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण का मतदान 13 नवंबर को और दूसरा चरण का मतदान 20 को होगा। वहीं 23 नवंबर को झारखंड के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

20,281 स्थानों पर 25,562 मतदान केंद्र

झारखंड विधानसभा चुनाव में 20,281 स्थानों पर कुल 25,562 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। शहरी क्षेत्र में 5,042 और ग्रामीण क्षेत्र में 24,520 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। प्रत्येक पोलिंग स्टेशन पर औसत मतदाताओं की संख्या 881 है। जिसमें 48 पोलिंग स्टेशन पीडब्ल्यूडी द्वारा संचालित किए जाएंगे, 1,271 पोलिंग स्टेशन महिलाओं द्वारा संचालित किए जाएंगे और 139 पोलिंग स्टेशन को युवाओं के द्वारा संचालित किया जाएगा।

कुल मतदाताओं की संख्या- 2.6 करोड़

झारखंड में कुल मतदाताओं की संख्या 2.6 करोड़ है, जिसमें 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता हैं और 1.29 करोड़ महिला मतदाता हैं। 66.84 लाख युवा मतदाता हैं, वहीं 11.84 लाख मतदाता फर्स्ट टाइम वोटर, अर्थात् पहली बार मतदान करने वाले मतदाता हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।