Maharashtra Election: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 23 नवंबर को आएंगे नतीजे

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 अक्टूबर 2024): महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने आज तारीखों का ऐलान कर दिया। चुनाव आयोग ने मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मतदान होना है और एक ही चरण में मतदान होगा, इसके नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। बता दें कि महाराष्ट्र में कुल 288 विधानसभा की सीटें हैं और 288 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है।

जानें पूरी डिटेल्स

मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना तिथि 22 अक्टूबर 2024 है, नामांकन की आखिरी तिथि 29 अक्टूबर और स्क्रुटनी की तिथि 30 अक्टूबर 2024 है। 04 नवंबर 2024 तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकते हैं। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मतदान होना है, वहीं 23 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे।

एक चरण में मतदान

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को एक चरण में मतदान होगा। वहीं 23 नवंबर को महाराष्ट्र के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

52,789 स्थानों पर 1,00,186 मतदान केंद्र

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 52,789 स्थानों पर कुल 1,00,186 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। शहरी क्षेत्र में 42,604 और ग्रामीण क्षेत्र में 57,582 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। प्रत्येक पोलिंग स्टेशन पर औसत मतदाताओं की संख्या 960 है। जिसमें 299 पोलिंग स्टेशन पीडब्ल्यूडी द्वारा संचालित किए जाएंगे, 388 पोलिंग स्टेशन महिलाओं द्वारा संचालित किए जाएंगे और 530 पोलिंग स्टेशन को आदर्श मतदान केंद्र के रूप में बनाया जाएगा।

कुल मतदाताओं की संख्या- 9.63 करोड़

महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या 9.63 करोड़ है, जिसमें 4.97 करोड़ में पुरुष मतदाता हैं और 4.66 करोड़ महिला मतदाता हैं। 1.85 करोड़ युवा मतदाता हैं, वहीं 20.93 लाख मतदाता फर्स्ट टाइम वोटर, अर्थात् पहली बार मतदान करने वाले मतदाता हैं।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।