दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को ‘भारत रत्न’ प्रदान करने की मांग, महाराष्ट्र कैबिनेट में प्रस्ताव पारित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (10 अक्टूबर 2024): बुधवार देर रात देश के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा ने दुनिया को अलविदा कह दिया। इस खबर से पूरा देश सदमें में है और रतन टाटा के कार्यों एवं देश के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदानों को लेकर सभी के मन में उनके प्रति सम्मान है। ऐसे में उनकी मौत के बाद अब उन्हें भारत रत्न देने की मांग उठ रही है। शिवसेना नेता राहुल कनाल ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वे केंद्र सरकार से रतन टाटा को भारत रत्न पुरस्कार प्रदान करने के लिए उनका नाम प्रस्तावित करें।

बता दें कि बिजनेस टाइकून रतन टाटा का बुधवार रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। महाराष्ट्र कैबिनेट ने भारत के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘भारत रत्न’ के लिए दिवंगत उद्योगपति का नाम केंद्र सरकार को भेजने का फैसला किया है। यह प्रस्ताव गुरुवार को कैबिनेट बैठक के दौरान पारित किया गया। मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई में आज हुई राज्य कैबिनेट की बैठक मे दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी गई। सीएम शिंदे ने बैठक में इस संबंध में शोक प्रस्ताव पेश किया। इस अवसर पर एक प्रस्ताव भी पारित किया गया जिसमें केंद्र से पद्म विभूषण रतन टाटा को उनकी उपलब्धियों के लिए भारत रत्न से सम्मानित करने का अनुरोध किया गया।

भारत के सबसे बड़े समूह टाटा संस के मानद अध्यक्ष (चेयरमैन) रतन टाटा का बुधवार रात 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें 2008 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
बता दें कि उद्योगपति रतन टाटा के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मुंबई के एनसीपीए लॉन में रखा गया है जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी जा हैं। टाटा के पार्थिव शरीर को उनके आवास से एनसीपीए लॉन ले जाया गया और इस दौरान पुलिस बैंड ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनका मुंबई के वर्ली शमशान घाट पर आज शाम राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत देश के कई मशहूर लोग शामिल होंगे।