भारत के ‘रतन’ का निधन: देश के वरिष्ठ राजनेताओं ने क्या कहा?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (10 अक्टूबर 2024): भारत के प्रमुख उद्योगपति और टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा का निधन हो गया। उनकी उम्र के साथ आए अनुभव और दूरदर्शिता ने भारतीय उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। रतन टाटा ने अपने जीवन में न केवल व्यवसायिक सफलता हासिल की, बल्कि उन्होंने समाज के विकास और कल्याण के लिए भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए। रतन टाटा का योगदान औद्योगिक और आर्थिक विकास में अद्वितीय था। उन्होंने टाटा समूह को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत पहचान दिलाई। उनकी प्रेरणादायक नेतृत्व शैली और मानवता के प्रति समर्पण ने उन्हें केवल एक उद्योगपति नहीं, बल्कि प्रेरणा का श्रोत बना दिया।

देश के वरिष्ठ राजनेताओं ने क्या कहा

लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि, भारत ने आज एक ऐसे महान उद्योगपति को खो दिया जिन्होंने ना केवल भारतीय उद्योग जगत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया बल्कि निस्वार्थ सेवा और उदारता से समाज के हर वर्ग को प्रेरित किया। श्री रतन टाटा जी की सादगी, दूरदर्शिता और सेवा भावना युगों – युगों तक प्रेरणा का स्त्रोत बनी रहेगी। उनका जाना देश के लिए अपूर्णीय क्षति है।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। ओम शांति…

 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि रतन टाटा एक दूरदर्शी व्यक्ति थे। उन्होंने व्यवसाय और परोपकार दोनों पर अमिट छाप छोड़ी है। उनके परिवार और टाटा समुदाय के प्रति मेरी संवेदनाएं।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि, महान उद्योगपति और सच्चे राष्ट्रवादी श्री रतन टाटा जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। उन्होंने निस्वार्थ भाव से अपना जीवन हमारे राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया। जब भी मैं उनसे मिला, भारत और उसके लोगों की बेहतरी के लिए उत्साह और प्रतिबद्धता ने मुझे चकित कर दिया। हमारे देश और उसके लोगों के कल्याण के लिए उनकी प्रतिबद्धता ने लाखों सपनो को जन्म दिया। समय रतन टाटा जी को उनके प्यारे देश से दूर नहीं कर सकता। वह हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। टाटा समूह और उनके अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ॐ शांति शांति शांति…।

 

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि, श्री रतन टाटा के निधन से दुखी हूं। वे भारतीय उद्योग जगत के ऐसे दिग्गज थे जिन्हें हमारी अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता है। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

 

बता दें कि बुधवार की रात मुंबई के एक अस्पताल में 86 वर्षीय उद्योगपति रतन टाटा ने अपनी अंतिम सांस ली।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।