CPI(M) के महासचिव सीताराम येचुरी के निधन से शोक का माहौल, क्या बोले अलग अलग दलों के राजनेता

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (12 सितंबर 2024): CPI (M) महासचिव सीताराम येचुरी (Sitaram Yechuri) का आज दोपहर 3:05 बजे 72 वर्ष की आयु में दिल्ली के AIIMS अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक महकमे में शोक का माहौल है, अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

सीताराम येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए राजद नेता मनोज झा (RJD Leader Manoj Jha) ने कहा कि, “इस खबर पर अभी तक भरोसा नहीं हो रहा है, कुछ ही समय पहले उनसे मुलाकात हुई थी। बीते दिनों मैं उनसे लगातार संपर्क में रहा। लालू यादव के साथ उनका लंबा संगठन रहा, यह उम्र जाने की नहीं थी, अभी बहुत कुछ बाकी था। उनके परिवार, साथियों को ईश्वर संबल दें।”

CPI(M) महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा (Pawan Khera) ने कहा कि “सीताराम येचुरी का योगदान न केवल पार्टी बल्कि पूरे देश की राजनीति में था। उनकी कमी न केवल उनके पार्टी को खेलेगी बल्कि पूरे देश को खलेगी। वह अपनी विचारधारा के प्रति दृढ़ थे, लेकिन किसी को नीचा दिखाना उन्हें नहीं आता था। एक शानदार वक्ता, एक शानदार सांसद और एक बहुत ही शानदार इंसान उनकी कमी हम सभी को खलती रहेगी सीताराम येचुरी को हम सभी कभी नहीं भूल पाएंगे।”

आप नेता आतिशी (Atishi) ने CPI(M) नेता सीताराम येचुरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर पोस्ट किया कि, “CPI(M) नेता सीताराम येचुरी जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति है। आम लोगों की आवाज बनकर उनके हितों की रक्षा में अपना सारा जीवन समर्पित करने वाले येचुरी जी को मेरी श्रद्धांजलि।”

राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल (Kapil Sibal) ने कहा “वह मेरे निजी मित्र थे, हमने साथ में लंबा सफर तय किया। वे 2005 से 2014 तक मेरे साथ संसद में थे। हम कई मुद्दों पर चर्चा करते थे और उन्हें सुलझाते थे। हमारे विचारों में मतभेद भी थे लेकिन सीताराम जी ऐसे व्यक्ति थे जो कभी नाराज नहीं होते थे। जब भी वह संसद में बोलते थे, लोग उन्हें चुपचाप सुनते थे। उन्हें भारत से जुड़े हर मामलों की गहरी जानकारी थी। वह उन चंद लोगों में से एक थे जो सच्चे अर्थों में धर्मनिरपेक्ष हैं।”

केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल (Piyush Goyal) ने CPI(M) नेता सीताराम येचुरी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि, “सीताराम येचुरी का निधन बेहद दुखद है। जब मैं राज्यसभा में आया था तब वे सांसद थे। वे बेहद शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया। जब हमारी विचारधाराएं अलग थीं, तब भी हम दोस्त थे। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है और वे हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस कठिन समय में उनके परिवार को शक्ति प्रदान करें।”

राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) ने सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर पोस्ट कर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, “भारतीय राजनीति के दिग्गज नेता सीताराम येचुरी जी के निधन से बहुत दुःखी हूँ। राष्ट्र के लिए उनके योगदान और सामाजिक न्याय के लिए उनके अथक संघर्ष को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएँ। ओम शांति।।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।