Delhi Metro News: शुक्रवार को भारी बारिश के बीच दिल्ली मेट्रो में 69 लाख यात्रियों ने की यात्रा

रंजन अभिषेक (संवाददाता)

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (29 जून 2024): राजधानी दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए दिल्ली मेट्रो उनकी लाइफ लाइन जैसी बन गई है। हजारों लाखों लोग प्रतिदिन दिल्ली मेट्रो के सहारे ससमय अपने दफ्तर जाते हैं और फिर काम के बाद वापस अपने घर लौटते हैं।

शुक्रवार को दिल्ली में भारी बारिश हुई, जिसके बाद राजधानी में कई जगहों पर जलभराव और अव्यवस्था देखी गई। इसके बावजूद भी दिल्ली मेट्रो में शुक्रवार को 69 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। दिल्ली मेट्रो ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच पर जानकारी साझा करते हुए कहा है कि, “दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार को 69 लाख से ज़्यादा यात्रियों की यात्रा दर्ज की; भारी बारिश के बावजूद 99.95 प्रतिशत समय की पाबंदी बरकरार रखी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार को 69 लाख से ज़्यादा यात्रियों की यात्रा दर्ज की, जबकि शहर और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश के बावजूद मेट्रो सेवाएं बिना किसी व्यवधान के 99.95 प्रतिशत समय की पाबंदी के साथ संचालित हुईं।”

दिल्ली मेट्रो ने आगे कहा कि, “शुक्रवार, 28 जून 2024 को DMRC द्वारा दर्ज की गई यात्री यात्राएँ 69,36,425 थीं। एक दिन पहले गुरुवार (27 जून 2024) को यात्री यात्राएँ 62,58,072 थीं। इसलिए, शुक्रवार को दिल्ली मेट्रो ने लगभग 7 लाख अतिरिक्त यात्री यात्राओं की वृद्धि दर्ज की, जो दर्शाता है कि शहर में भारी बारिश के कारण बहुत से यात्रियों ने अपने निजी वाहनों या यात्रा के अन्य साधनों के बजाय मेट्रो का उपयोग करना पसंद किया।”

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे । दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।