Congress CWC Meeting: जनता ने तानशाही शक्तियों को खारिज किया : मल्लिकार्जुन खड़गे

रंजन अभिषेक (संवाददाता)

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (08 जून 2024): शनिवार, 08 जनवरी को कांग्रेस पार्टी की शीर्ष नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश की जनता के एक बड़े तबके ने आम चुनाव में कांग्रेस पार्टी पर भरोसा जताया है। इसीलिए जनमत को विनम्रता से स्वीकार करते हुए हमें अनुशासित और एकजुट होकर लोगों के भरोसे पर खरा उतरना है।

कांग्रेस नेता खड़गे ने आगे कहा कि, हमारा काम निरंतर जारी रहेगा चाहे हम सत्ता में रहें या नहीं। हमें 24 घंटे 365 दिन लोगों के बीच रहना होगा और जनता के मुद्दों को उठाना होगा। कुछ महीनों में प्रमुख राज्यों में चुनाव होने हैं इसमें किसी भी हालत में विरोधी दल को परास्त कर अपनी सरकार बनानी है। लोग बदलाव चाहते हैं, हमें उनकी ताकत बनना होगा।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि जनता ने हम पर विश्वास कर के तानाशाही शक्तियों और संविधान विरोधी ताकतों को कड़ा जवाब दिया है। हिंदुस्तान के मतदाताओं ने भाजपा की 10 साल की विभाजनकारी , नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति को खारिज किया है। खड़गे ने सोनिया गांधी को धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव की तैयारियों और गठबंधन की बैठकों में बढ़ चढ़कर भाग लिया और अपने लंबे अनुभव से हम सबों का मार्गदर्शन किया।

खड़गे ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने संविधान, आर्थिक असमानता, बेरोजगारी, सामाजिक न्याय और सौहार्द जैसे मसलों को उठाया और इन मुद्दों को जन जन तक पहुंचाकर जनता का मुद्दा बनाया। “भारत जोड़ो यात्रा” का विशेष उल्लेख करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, जहां जहां भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुजरी वहां पर कांग्रेस के मत प्रतिशत और सीटों में बढ़ोतरी हुई।

आखिरी में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, देश की जनता के एक बड़े तबके ने हम पर भरोसा किया है, हम सब उनका भरोसा बरकरार रखने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। हमें अनुशासित रहना है और एकजुट रहना है।।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे । दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।