दिल्ली में बंपर जीत के बाद बीजेपी सांसदों ने क्या कहा, एक क्लिक में पढ़ें सभी के वक्तव्य

टेन न्यूज नेटवर्क

दिल्ली (06 जून 2024): लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। जीत हासिल करने के बाद बीजेपी के सभी नव निर्वाचित सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को प्रेस को संबोधित किया।

नई दिल्ली को बनेगा स्टार्टअप का हब: बांसुरी स्वराज

इस दौरान नई दिल्ली लोकसभा सीट से नव निर्वाचित बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने टेन न्यूज से बातचीत में कहा कि , दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने मुझे और भाजपा को दिल्ली की सेवा करने का अवसर दिया। केवल मैं ही नहीं, बल्कि हमारे सभी सांसद, प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत संकल्प को सिद्ध करने और दिल्ली की जनता की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नई सांसद के रूप में कार्य को शुरू करते हुए, सबसे पहले हम दिल्ली की जनता के लिए सहयोग पोर्टल को लॉन्च करेंगे। इस पोर्टल पर नई दिल्ली की जनता अपनी समस्याओं को लिख सकती है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। हम नई दिल्ली में स्टार्टअप इंडिया हब को शुरू करेंगे। यहां नागरिक, अपने नये आईडिया को लेकर आएंगे और उन्हें लागू करने की जिम्मेदारी हम पूरी करेंगे। आज मैं(बांसुरी स्वराज) भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, प्रचारकों, जिन्होंने जुझारू और पूरी लगन के साथ पार्टी के लिए काम किया, हृदय से उन सभी का धन्यवाद करती हूं।

 

देश के टुकड़े करने आए थे , उत्तर पूर्वी दिल्ली की जनता ने चीथड़े उड़ाकर भेज दिया: मनोज तिवारी

उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद मनोज तिवारी ने टेन न्यूज से बातचीत में कहा कि , प्रधानमंत्री मोदी ने हैट्रिक मारी है। वह तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं, मैं भी तीसरी बार नॉर्थ ईस्ट से सांसद चुना गया हूं। तीसरी बार दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की सातों सीटें बीजेपी ने दिल्ली की जनता के सहयोग से जीती है। हम दिल्ली की जनता और हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हैं, जिनके कुशल नेतृत्व में अच्छे कार्यों से एक सांसद होने के नाते, हमें यह कहते हुए खुशी होती है कि, हमने अपने क्षेत्र में 14,600 करोड़ का काम कराया है। जो लोग देश के टुकड़े करने आए थे, उत्तर पूर्वी दिल्ली की जनता ने उनके चीथड़े उड़ाकर उन्हें वापस भेज दिया। मनोज तिवारी ने कन्हैया कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि, इन बिहार से भगाए हुए लोगों को जो देश को तोड़ने की मंशा रखते हैं, जो घर-घर में आतंकवाद को जन्म देने जैसी बातें करते हैं , उन्हें जनता कहीं नहीं छोड़ेगी और इसी कारण से इंडिया एलाइंस मिलकर भी बीजेपी से अधिक सीटें नहीं ला पाई। ऐसे लोगों को भगवान सद्बुद्धि दे जो अभी भी सरकार बनाने के मौके तलाश कर रहे हैं। मैं देश की जनता को नमन करता हूं, जिन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री मोदी को पीएम के रूप में चुना। कुछ लोग नॉरेटिव बनाने का काम कर रहे हैं कि, बीजेपी को 272 सीटें नहीं मिली, मेरा उन्हें जवाब है कि बीजेपी कभी भी एकल होकर चुनाव नहीं लड़ती। वह हमेशा एनडीए के साथ चुनाव लड़ती है और एनडीए के पास बहुमत है और हम सरकार बनाएंगे। देश की जनता को प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास है, देश में 65 प्रतिशत लोग पीएम को तीसरी बार प्रधानमंत्री के तौर पर देखना चाहते थे। अब तीसरी बार देश की जनता ने प्रधानमंत्री को पीएम के रूप में चुन लिया है। दिल्ली से एक सांसद कैबिनेट में चुना जाता है लेकिन किसी भी व्यक्ति को काम करने के लिए जरूरी नहीं कि वह कैबिनेट मंत्री ही बने। एक कार्यकर्ता के रूप में भी वह जनता के लिए काम कर सकता है। हम दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर लगातार दिल्ली के मुद्दों को उठा रहे हैं , जिसमें 2025 के विधानसभा चुनाव पानी की समस्या को लेकर होगें। आज दिल्ली का गरीब से गरीब व्यक्ति भी पानी खरीद कर ले रहा है, यह दिल्ली के लिए शर्मा पूर्ण बात है। इसलिए मैं दिल्ली की जनता से प्रार्थना करता हूं कि वह 5 महीने बाद दिल्ली में डबल इंजन की सरकार को बनाए। हम दिल्ली को साफ पानी, अच्छी सड़कें, समय पर नालों की सफ़ाई, बुजुर्गों की पेंशन को फिर शुरू करने जैसे सभी कार्य दिल्ली की जनता के लिए किए जाएंगे। 300 यूनिट बिजली फ्री देने की योजना पर काम चल रहा है, दिल्ली की महिलाओं के लिए एयर कंडीशन के साथ फ्री बसों की व्यवस्था की जाएगी। दिल्ली की जनता प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद हम अपने सभी वादों को जरूर पूरा करेंगे। ‌

 

भाजपा ने विकास कार्यों के मुद्दे पर लड़ा चुनाव: कमलजीत सहरावत

पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद कमलजीत सेहरावत ने टेन न्यूज से बातचीत में कहा कि , भारतीय जनता पार्टी ने अपने 10 सालों में किए हुए सभी वादों को पूरा किया है। 5 सालों का हमारा संकल्प पत्र था। यह सभी बातें दिल्ली की जनता जानती है। इसी के आधार पर उन्होंने भाजपा को चुना है। पश्चिमी दिल्ली एक बड़ी लोकसभा है और इसका डेमोग्राफिक एरिया भी काफी अलग है, जो भी कॉलोनी और ग्राम क्षेत्र है, वहां खाली जमीनों पर महिलाओं के लिए अलग से क्षेत्रों का निर्माण होगा। स्पोर्ट्स कंपलेक्स बनाएं जाएंगे। प्रधानमंत्री की सभी योजनाओं को स्थानीय रूप से लागू करने के लिए हेल्प सेंटरों का निर्माण किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी ने यह चुनाव विकास के आधार पर लड़ा है और हमने अपनी सभी कामों को जनता तक पहुंचाया है, इसलिए ही प्रदेश की जनता ने भाजपा को चुना।

 

उत्तर पश्चिम लोकसभा को दिल्ली की नंबर वन लोकसभा बनाएंगे: योगेंद्र चंदोलिया

उत्तर-पश्चिम दिल्ली से नवनिर्वाचित सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने टेन न्यूज से बातचीत में कहा कि, दिल्ली की जनता प्रधानमंत्री मोदी को प्यार करती है इसलिए उन्होंने तीसरी बार भी भाजपा को चुना। विपक्ष चाहे जितने भी गठबंधन कर ले, देश की जनता बीजेपी को चुन चुकी है। अगले 5 सालों के लिए हमारे पास इतना काम है कि हम उत्तर पश्चिम लोकसभा को दिल्ली की नंबर वन लोकसभा बना देंगे।

 

दिल्ली की जनता ने भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया : हर्ष मल्होत्रा

ईस्ट दिल्ली से नवनिर्वाचित सांसद हर्ष मल्होत्रा ने टेन न्यूज से बातचीत में कहा कि, दिल्ली में विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं में आपसी मतभेद के कारण ही उनके मन न मिलने पर, इंडिया गठबंधन सफल नहीं हुआ। भारतीय जनता पार्टी को दिल्ली की जनता ने अपना आशीर्वाद दिया है, इसलिए सबसे पहले हम कलंदर कॉलोनी में जो 4000 झुग्गियां है वहां 4000 पक्के मकान देने का प्रयास करेंगे, हमें पूरा विश्वास है कि 2025 में दिल्ली की जनता विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सरकार को जरूर लेकर आएगी।

बता दें कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने दिल्ली में हैट्रिक लगाते हुए दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज किया है।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।