दिल्ली: 7 लोकसभा सीटों पर कुल 167 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद | एक क्लिक में जानें चुनावी संबंधी पूरी अपडेट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (25 मई 2024)

रंजन अभिषेक, संवाददाता

राजधानी दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया। चुनाव आयोग द्वारा जारी प्रेस बयान के मुताबिक दिल्ली में शाम 7:45 बजे तक कुल 54.48 फीसदी वोटिंग हुई।

दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर अलग अलग राजनीतिक पार्टियों के कुल 167 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इन सभी प्रत्याशियों की किस्मत अब EVM में कैद हो गई।

भीषण गर्मी के कारण मतदाताओं को हुई दिक्कतें:

राजधानी में मतदान के दौरान मतदाताओं को चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ा। जिस कारण से उन्हें काफी दिक्कतें हुई। टेन न्यूज नेटवर्क की टीम ने दिल्ली की अलग अलग लोकसभा सीटों के अंर्तगत मतदान केन्द्र का मुआयना किया। मतदाताओं ने बातचीत में बताया कि गर्मी और धूप के कारण काफी दिक्कतें हो रही है। साथ ही कई मतदान केंद्रों पर जिला प्रशासन/ निर्वाचन विभाग द्वारा पानी आदि की व्यवस्था भी नहीं की गई थी। जिस कारण से मतदाताओं और खासकर महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कई दिग्गज हस्तियों ने किया मतदान:

राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ , भारत के मुख्य न्यायधीश डीवाई चंद्रचूड़ , मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार सहित कई दिग्गज हस्तियों एवं राजनेताओं ने मतदान किया।

बता दें कि दिल्ली में कुल 1.52 करोड़ मतदाता थे। इनमें 82 लाख पुरुष , 69 लाख महिलाएं और तीसरे लिंग वर्ग के 1,228 मतदाता थे। सात निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 13 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए थे।।